गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा का भव्य समापन: वर्ष शिक्षक लक्ष्मीनाथ तिवारी सम्मानित, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
जमुना कोतमा भालूमाड़ा। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा का समापन गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल भालूमाड़ा में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। 15 दिनों तक चले विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का समापन समारोह विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ‘मिंटू’ ने अपने संबोधन में विद्यालय द्वारा गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि गुरु का स्थान समाज में सर्वोच्च है और विद्यार्थियों के जीवन निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अतुलनीय होती है। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के वर्ष शिक्षक तथा कक्षा 10वीं में संस्कृत विषय का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम दिलाने वाले शिक्षक लक्ष्मीनाथ तिवारी का शाल, श्रीफल एवं डायरी भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं विद्यालय के सभी शिक्षकों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए डायरी एवं पेन देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्य अतिथि धीरेंद्र सिंह मिंटू ने विद्यालय परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया तथा विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कक्षा 9वीं एवं 10वीं की छात्राओं ने गुरु पूर्णिमा की महत्ता पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। गुरु वंदना, गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसकी सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की।
समारोह में विद्यालय के प्राचार्य सतीश सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों एवं गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका कंचन बावरिया ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिक्षक सुधा शुक्ला, देवेंद्र तिवारी, उमाशंकर केवट, संतोष साहू सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने गुरु के प्रति सम्मान, शिक्षा के महत्व और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देकर सभी को प्रेरित किया।
















