ग्राहक बनकर आई महिला और दो लड़कियां, दुकान से साड़ियां चोरी
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, थाने में दर्ज कराई शिकायत
कोतमा। नगर में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पूर्व में स्कूल तिराहे के पास रस्तोगी डेली नीड्स और हार्डवेयर दुकान में चोरी की घटना के अलावा दो दिन पूर्व रेलवे फाटक के पास इलेक्ट्रिक वाइंडिंग की दुकान में पेट्रोल डालकर चोरी का असफल प्रयास भी सामने आया था। अब चोरी का एक नया मामला मंगलवार को सामने आया, जहां कपड़े की दुकान में ग्राहक बनकर पहुंची एक महिला और दो लड़कियां दुकान के बाहर टंगी साड़ियां चोरी कर ले गईं। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे कैमरे में कैद हो गई।
महावीर मार्ग में सुधीर जैन की कपड़े की दुकान पर मंगलवार को एक महिला और दो लड़कियां ग्राहक बनकर पहुंचीं। उन्होंने कपड़े देखने के बहाने दुकान में मौजूद साड़ियों को देखा। इसी दौरान मौका पाकर दुकान के बाहर टंगी दो साड़ियां झोले में रखकर गईं।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकान संचालक ने महिला और दोनों लड़कियों की आसपास तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद कोतमा थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला और दोनों लड़कियों की पहचान तथा तलाश की जा रही है।

































































