घायल गौ माता को युवाओं ने पहुंचाया गौ सेवा आश्रम धनपुरी, कर्म ही निष्ठा का उदाहरण है – सेम राजपूत
अनूपपुर। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर जनपद पंचायत जैतहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी के रेस्क्यू कॉलोनी निवासी समाजसेवी युवक एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला मंत्री सेम राजपूत ने मानवीय संवेदना और गौ सेवा का उदाहरण पेश करते हुए घायल गौ माता को गौ सेवा आश्रम धनपुरी पहुंचाया
जानकारी के अनुसार 13 अगस्त, गुरुवार की सुबह करीब 7 बजे सेम राजपूत को उनके मित्रों ने सूचना दी कि राजेंद्रग्राम मार्ग पर मिडवे ट्रेड के पास एक गौ माता घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही सेम राजपूत ने बिना देर किए गौ सेवा संस्थान धनपुरी के संस्थापक राम दुबे को इसकी जानकारी दी
मामले की जानकारी मिलते ही राम दुबे ने सेम राजपूत से कहा कि घायल गौ माता को चार पहिया वाहन की सहायता से तत्काल धनपुरी स्थित गौ सेवा आश्रम पहुंचाया जाए, ताकि उसका उपचार कराया जा सके।इसके बाद सेम राजपूत ने अपने निजी वाहन से अपने मित्र सत्यम सोनी और राजा की मदद ली और घायल गौ माता को सुरक्षित रूप से धनपुरी गौ सेवा आश्रम पहुंचाया। वहां गौ माता के उपचार एवं देखभाल की व्यवस्था की गई।सेम राजपूत ने कहा कि गौ सेवा केवल दिखावे का कार्य नहीं, बल्कि संवेदना, जिम्मेदारी और निष्ठा का प्रतीक है
जरूरत के समय किसी जीव की सहायता करना ही सच्ची मानवता है। कर्म ही निष्ठा का सबसे बड़ा उदाहरण है।युवाओं की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि घायल और बेसहारा पशुओं की मदद के लिए समाज के अन्य युवाओं को भी आगे आना चाहिए।




























































