शहडोल
शहडोल में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक बेजुबान बछड़े पर ऐसी बेरहमी की गई कि सुनकर आपका दिल दहल जाएगा। गौ माता के एक मासूम बछड़े को कथित तौर पर लाठी-डंडों से इतना पीटा गया कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अब नंदी गौ सेवा धाम ने पुलिस से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामला शहडोल के सिंहपुर थाना क्षेत्र कठौतिया का बताया जा रहा है।
नंदी गौ सेवा धाम द्वारा थाना प्रभारी को दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि पुरानी बस्ती, कछिया और दुर्गा मंदिर क्षेत्र कठौतिया के निवासी गंगा प्रसाद सोनी द्वारा गौ माता के बछड़े को लाठी से बेरहमी से पीटा गया। इस मारपीट में बछड़े को गंभीर चोटें आई हैं और वह दर्द से कराह रहा है।
गौ सेवा से जुड़े लोगों का कहना है कि बेजुबान पशुओं पर इस तरह की क्रूरता न सिर्फ अमानवीय है, बल्कि कानूनन भी अपराध है। उनका कहना है कि जिस देश में गाय को माता का दर्जा दिया जाता है, वहां उसके मासूम बछड़े के साथ ऐसी हैवानियत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
शिकायत कर्ताओं में नंदी गौ सेवा संस्थान शहडोल के सुशील रजक, विजय जोटवानी, बजरंग दल से अविनाश मिश्रा, नितिन सूरी, और गौ सेवक उपस्थित रहे।
एक बेजुबान जानवर पर हुई यह क्रूरता कई सवाल खड़े करती है। आखिर कब तक मासूम पशु इंसानों की हैवानियत का शिकार होते रहेंगे? अब सबकी निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि इस मामले में कितनी जल्दी न्याय मिलता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।
रिपोर्ट: अरुण द्विवेदी, शहडोल।



































