एसईसीएल की उपलब्धियों और डिजिटल बदलाव की समीक्षा: केंद्रीय मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने किया महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ
एक दिवसीय दौरे में अस्पताल प्रबंधन पोर्टल और आधारभूत संरचना से जुड़े डिजिटल सिस्टम का उद्घाटन, अत्याधुनिक हेमेटोलॉजी यूनिट का भी लोकार्पण

बिलासपुर, 26 मई 2026। भारत सरकार के माननीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चन्द्र दुबे ने मंगलवार को एसईसीएल के एक दिवसीय दौरे के दौरान कंपनी के कार्यों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल परिवर्तन एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने वाली कई महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया।
एसईसीएल मुख्यालय पहुंचने पर मंत्री ने सबसे पहले कोयला श्रमिक स्मारक पर माल्यार्पण कर कोयला श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नमन किया। इसके बाद आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता प्रबंधन, सुरक्षा, कोल गैसीफिकेशन, माइन क्लोजर, पर्यावरणीय गतिविधियों, डिजिटलीकरण, सीएसआर योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, निदेशकगण, सीवीओ, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान मंत्री ने सुरक्षित एवं सतत खनन को प्राथमिकता देने, परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा आधुनिक तकनीकों के अधिक उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एसईसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा उत्पादन, गुणवत्ता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कंपनी के प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से कोयलांचल क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोल इंडिया द्वारा अब तक किए गए 100 मिलियन टन उत्पादन में एसईसीएल ने 26.86 मिलियन टन का सर्वाधिक योगदान देकर अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन में एसईसीएल राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्यरत है।
दौरे के दौरान मंत्री ने ई-डाडास (डिज़ाइन एंड ड्रॉइंग्स अप्रूवल इन एसईसीएल) पोर्टल और हॉस्पिटल मैनेजमेंट एंड इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) पोर्टल का शुभारंभ किया। ई-डाडास पोर्टल के माध्यम से एफएमसी, सीएचपी-साइलो, रेलवे साइडिंग, इन-पिट कन्वेयर सिस्टम सहित आधारभूत संरचना परियोजनाओं की इंजीनियरिंग डिज़ाइन और अनुमोदन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया जाएगा, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बढ़ेगी।
वहीं, एचएमआईएस पोर्टल एसईसीएल अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक व्यवस्थित, त्वरित और डिजिटल बनाने में सहायक होगा। इससे मरीजों के रिकॉर्ड प्रबंधन और चिकित्सा सेवाओं की निगरानी को और बेहतर किया जा सकेगा।
दौरे के दौरान मंत्री ने बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइज़र यूनिट का लोकार्पण भी किया। यह उन्नत मशीन श्वेत रक्त कोशिकाओं की विस्तृत जांच कर संक्रमण एवं अन्य बीमारियों की अधिक सटीक पहचान सुनिश्चित करेगी। स्वचालित परीक्षण प्रणाली से लैस यह मशीन तेज, सटीक और त्रुटिरहित रिपोर्ट उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
लोकार्पण के बाद मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
जनसम्पर्क अधिकारी, एसईसीएल बिलासपुर




































