दो दर्दनाक हादसों में दो युवकों की मौत, करंट और ट्रेन की चपेट में गई जान

---Advertisement---

दो दर्दनाक हादसों में दो युवकों की मौत, करंट और ट्रेन की चपेट में गई जान

सेंदुरी में मोटर पंप निकालते समय करंट से युवक की मौत, हरद स्टेशन के पास ट्रेन से टकराकर दूसरे युवक ने गंवाई जान

कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर : शशिधर अग्रवाल

अनूपपुर, 10 जुलाई। जिले में गुरुवार को हुई दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदुरी में हुई, जहां पुराने कुएं से मोटर पंप निकालते समय करंट लगने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना हरद रेलवे स्टेशन के समीप हुई, जहां अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र से करीब छह किलोमीटर दूर ग्राम सेंदुरी निवासी हीरालाल बैगा (27) पिता लालमन बैगा गुरुवार शाम अपने घर के पीछे स्थित पुराने कुएं से मोटर पंप निकाल रहे थे। परिजनों के अनुसार बारिश के मौसम में मोटर पंप चोरी होने की आशंका के चलते वह उसे सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक विद्युत करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पत्नी कविता बैगा ने बताया कि शाम को उनकी ननद जब पीछे की बाड़ी में गई तो हीरालाल बैगा को जमीन पर गिरा हुआ और हाथ में बिजली का तार पकड़े देखा। शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें जिला चिकित्सालय अनूपपुर लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस सहायता केंद्र जिला चिकित्सालय की टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामला कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।

दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम खांड़ा निवासी विजय सिंह (35) पिता लालजी सिंह के साथ हुई। बताया गया कि वह रिश्तेदारी में भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम छोहरी-परासी गए हुए थे। गुरुवार रात लौटते समय हरद रेलवे स्टेशन के समीप अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना हरद स्टेशन मास्टर द्वारा जीआरपी चौकी अनूपपुर को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई तथा परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोनों घटनाओं से संबंधित क्षेत्रों में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। वहीं लोगों से अपील की गई है कि बिजली से जुड़े उपकरणों के साथ कार्य करते समय पूरी सावधानी बरतें तथा रेलवे ट्रैक पार करते या उसके आसपास चलते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment