डिजिटल दुनिया में सुरक्षित कदम बढ़ाएंगी भरतपुर की बेटियां

---Advertisement---

डिजिटल दुनिया में सुरक्षित कदम बढ़ाएंगी भरतपुर की बेटियां

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को बताये ऑनलाइन सुरक्षा के उपाय

एमसीबी। इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के बीच बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरतपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े के निर्देशानुसार और जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। महिला सशक्तिकरण केंद्र हब की जिला मिशन समन्वयक श्रीमती तारा कुशवाहा ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी सरल और व्यवहारिक तरीके से दी।

*निजी जानकारी की सुरक्षा जरूरी*

छात्राओं को बताया गया कि मोबाइल नंबर, घर का पता, स्कूल की जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी जैसी निजी सूचनाएं अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करनी चाहिये। सोशल मीडिया पर अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट, मैसेज या चैट का जवाब देने से पहले सावधानी बरतने की सलाह दी गई। उन्हें समझाया गया कि साइबर अपराधी कई बार परिचित बनकर, इनाम, नौकरी या आकर्षक ऑफर का लालच देकर व्यक्तिगत जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे संदेशों की सत्यता जांच बिना उन पर भरोसा नहीं करना चाहिये।

*मजबूत पासवर्ड और संदिग्ध लिंक से रहे सावधान*

कार्यक्रम में मजबूत पासवर्ड बनाने और अलग अलग डिजिटल अकाउंट के लिये अलग पासवर्ड रखने के महत्व को समझाया गया। छात्राओं को अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई क्योंकि इनके माध्यम से फर्जी वेबसाइट, साइबर ठगी या निजी जानकारी चोरी करने का प्रयास किया जा सकता है।

*सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से करें उपयोग*

छात्राओं को सोशल मीडिया पर फोटो, वीडियो, लोकेशन और व्यक्तिगत गतिविधियों की जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने और अपनी प्रोफाइल की प्राइवेसी सेटिंग सुरक्षित रखने की सीख दी गई।
यदि किसी बालिका को ऑनलाइन धमकी, आपत्तिजनक संदेश, संदिग्ध गतिविधि या उत्पीड़न का सामना करना पड़े तो उसे चुप ना रहकर माता पिता, शिक्षक अथवा संबंधित अधिकारी को तत्काल जानकारी देने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर से श्रीमती प्रियंका राजवाड़े, महिला सशक्तिकरण केंद्र से सुश्री शैलजा गुप्ता और श्रीमती अनीता कुमारी शाह ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यालय, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment