धुरवासिन स्कूल में RTI आवेदन लेने से इंकार, अभिभावकों में रोष
अनूपपुर/धुरवासिन। एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धुरवासिन में सूचना के अधिकार (RTI) का आवेदन पत्र स्वीकार करने से इंकार का मामला सामने आया है। धुरवासिन के पूर्व सरपंच भागवत सिंह कोराम दिनांक 28/09/2026 को आरटीआई आवेदन फार्म लेकर प्राचार्य कक्ष पहुंचे। उस समय वहां प्रभारी प्राचार्य श्री टी.एस. कोराम एवं इंचार्ज प्राचार्य श्री जी.एस. धुर्वे मौजूद थे।
आवेदक ने दोनों अधिकारियों को फार्म दिखाया। फार्म पढ़ने के बाद दोनों ने कहा कि ठीक है, आप आराम से फार्म भर दीजिए। फार्म भरने के दौरान आवेदक को नीचे रखने के लिए एक रजिस्टर भी दिया गया। आरोप है कि आवेदक फार्म भर रहा था, उसी दौरान एक प्रभारी प्राचार्य किसी बहाने वहां से खिसक गए, जबकि दूसरे अधिकारी पढ़ाने चले गए। आवेदक विद्यालय में बैठा रह गया, लेकिन अंततः उसका सूचना के अधिकार का आवेदन पत्र लिया ही नहीं गया।
इस घटना से अभिभावकों एवं ग्रामीणों में संदेह पैदा हो गया है। उनका कहना है कि आरटीआई आवेदन लेने से इंकार करना गंभीर विषय है। इससे यह आशंका बन रही है कि विद्यालय में शासकीय राशि की खियानत/गबन हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धुरवासिन में अतिशीघ्र नियमित प्राचार्य की पदस्थापना सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यालय का प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।



































































