चरचा में 4.92 लाख रुपयों के सोने चांदी के जेवर चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

चरचा में 4.92 लाख रुपयों के सोने चांदी के जेवर चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

पड़ोसी समेत अपचारी बालक ने दिया वारदात को अंजाम, चोरी के जेवर गलाकर बेचने वाले और खरीदार तक पहुंची पुलिस

बैकुण्ठपुर/चरचा। व्हीटीसी कॉलोनी चरचा में बंद मकान से सोने चांदी के आभूषण और नगदी चोरी के मामले में चरचा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 4 लाख 92 हजार 300 रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवर, नगदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार व्हीटीसी कॉलोनी चरचा निवासी तन्मय भण्डारी अपने परिवार के साथ गृहग्राम दुर्गापुर आसनसोल (पश्चिम बंगाल) गये हुए थे। इसी दौरान 22-23 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। 23 अगस्त को पड़ोसी रमेश कुमार ने फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। वापस लौटने पर भण्डारी ने देखा कि मकान के दरवाजे की सांकल निकली हुई थी और अंदर आलमारी का लॉकर टूटा हुआ था

आलमारी में रखे सोने चांदी के हार, कंगन, कान की बालियां, अंगूठियां, मांग टीका, बच्चे का लॉकेट, चांदी का कड़ा, पायल और कमरबंध समेत करीब 2.99 लाख रुपयों के आभूषण चोरी हुए थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 126/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चरचा थाना और साइबर सेल की टीम ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान प्रार्थी के पड़ोसी हर्षवर्धन शर्मा और एक अपचारी बालक से पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
अपचारी बालक की निशानदेही पर चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 5 हजार रुपये नगद और मोटरसाइकिल बरामद की गई वहीं हर्षवर्धन शर्मा के कब्जे से चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन और सिम जब्त किया गया।

चोरी के जेवर खरीदार तक पहुंची जांच

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किये गये सोने चांदी के आभूषण बिक्री के लिये अक्षय बसोर निवासी ग्राम सलका को दिये थे। इसके बाद अक्षय बसोर ने इन आभूषणों को पटना निवासी सत्येन्द्र सोनी के पास बेच दिया था। पुलिस के अनुसार जेवरों के बदले सत्येन्द्र सोनी ने आरोपियों को 1 लाख 33 हजार रुपये दिये थे। इस राशि में से 56,700 रुपये अपचारी बालक के हिस्से में आये जबकि शेष राशि हर्षवर्धन ने अपने पास रखी। खर्च करने के बाद बची राशि में से 4,380 रुपये भी पुलिस ने जब्त किये हैं।

गलाये गये सोने चांदी समेत 4.92 लाख रुपयों का माल बरामद

पुलिस ने सत्येन्द्र सोनी के कब्जे से चोरी के जेवरों में शामिल दो सोने की अंगूठियां, दो कान की बालियां और एक लॉकेट बरामद किया। इनके अलावा चोरी के आभूषणों को गलाये जाने से प्राप्त सोना और चांदी भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार बरामद सोने का कुल वजन करीब 29.91 ग्राम और चांदी का वजन करीब 177 ग्राम है। बरामद सोने चांदी की अनुमानित कीमत 4,92,300 रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने चोरी की गई संपत्ति का बड़ा हिस्सा बरामद करने में सफलता हासिल की है।

चार आरोपियों पर कार्यवाही

मामले में पुलिस ने
हर्षवर्धन शर्मा पिता दुर्गा शर्मा उम्र 18 वर्ष 9 माह निवासी व्हीटीसी कॉलोनी चरचा, अक्षय बसोर पिता स्व. चिरंजीव प्रसाद उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम सलका थाना बैकुण्ठपुर,
सत्येन्द्र सोनी पिता स्व. धनुषधारी प्रसाद सोनी उम्र 42 वर्ष निवासी बाजारपारा पटना थाना पटना और एक अपचारी बालक को मामले में पकड़ा है। आरोपियों को 4 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

चोरी की इस घटना के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह गौतम, उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, प्रधान आरक्षक शशि भूषण, राकेश भगत, आरक्षक अमित त्रिपाठी, बृजेश सिंह, प्रभुनारायण तथा साइबर सेल के आरक्षक सजल जायसवाल, अमरेशानंद, अमल कुजूर, सैनिक राजेश टांडे और विकास सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस टीम की तत्परता और समन्वित कार्यवाही से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा होने पर आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा और विश्वास मजबूत हुआ है।

एसपी ने आमजन से की सहयोग की अपील

पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अपराध और चोरी की घटनाओं की रोकथाम में पुलिस को सबसे महत्वपूर्ण सहयोग आमजन से मिलने वाली सूचनाओं से मिलता है। किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा चोरी के सामान की खरीद फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जायेगी। उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं और चोरी के माल की खरीद फरोख्त में संलिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment