स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बोले – अब सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 से रात 9 बजे तक मिलेगी डायलिसिस सेवा, जल्द शुरू होंगे सीटी स्कैन, अटल आरोग्य लैब और मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर
एमसीबी/चिरमिरी। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देते हुए चिरमिरी जिला अस्पताल में शनिवार को 5 बिस्तरीय अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट और नवीन प्रथम तल पर निर्मित 30 बिस्तरों वाले वार्ड का लोकार्पण स्वास्थ्य मंत्री और स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि अब किडनी रोगियों को डायलिसिस के लिये बिलासपुर, अंबिकापुर अथवा अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। चिरमिरी जिला अस्पताल में यह सुविधा सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
*जल्द मिलेंगी कई नई स्वास्थ्य सुविधाएं*
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अस्पताल में लगभग 8 करोड़ रुपयों की लागत से सीटी स्कैन मशीन स्थापित की जा रही है। इसके साथ ही अटल आरोग्य लैब, तीन अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और अन्य चिकित्सा सुविधाएं भी शीघ्र शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के लिये 30 आवासीय क्षमता वाली 9 ब्लॉक की आधुनिक डॉक्टर कॉलोनी का निर्माण भी तेजी से जारी है जिसका लोकार्पण अगले वर्ष जून तक प्रस्तावित है।
*पूर्व विधायक दीपक पटेल की स्मृति से जुड़ा संकल्प*
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री भावुक भी नजर आये। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय दीपक पटेल की डायलिसिस सुविधा के अभाव में हुई असमय मृत्यु ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया था। तभी उन्होंने संकल्प लिया था कि चिरमिरी क्षेत्र में डायलिसिस जैसी जीवनरक्षक सुविधा हर हाल में उपलब्ध कराई जायेगी। आज उसी संकल्प को मूर्त रूप मिला है।
*कुछ वर्षों में अस्पताल की तस्वीर बदली*
उन्होंने अस्पताल में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए बताया कि पहले यहां केवल 4 डॉक्टर, 7 नर्सें और 20 से भी कम कर्मचारी कार्यरत थे। वर्तमान में अस्पताल में 12 विशेषज्ञ चिकित्सक, 75 नर्सें और लगभग 140 कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पहले जहां प्रतिदिन मात्र 35 मरीज ओपीडी में पहुंचते थे वहीं अब यह संख्या बढ़कर 350 प्रतिदिन हो गई है। भर्ती मरीजों की संख्या भी 10 से बढ़कर प्रतिदिन 65 से 70 तक पहुंच चुकी है।
*भविष्य की विकास योजनाओं की भी घोषणा*
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिरमिरी में जल्द ही 100 सीटों वाला नर्सिंग कॉलेज, 100 बिस्तरों का मानसिक स्वास्थ्य अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य अधोसंरचना विकसित की जायेगी। इसके अलावा भूकभूकी रोड का डबल लेन निर्माण, पौड़ी-गेल्हापानी बाईपास और नई रेल परियोजना के तहत चिरमिरी और पाराडोल में रेलवे स्टेशन और मनेन्द्रगढ़ में रेल स्टॉपेज जैसी योजनाएं भी क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी।
*महापौर ने जताया आभार*
महापौर राम नरेश राय ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री और स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के निरंतर प्रयासों से चिरमिरी को यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त हुई है। पहले डायलिसिस के लिये मरीजों और उनके परिजनों को दूसरे शहरों में भटकना पड़ता था जिससे आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर निशुल्क उपलब्ध होने से हजारों मरीजों को राहत मिलेगी।
*दो माह में शुरू होंगे नये ऑपरेशन थिएटर*
अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेंद्र राय ने बताया कि अस्पताल में अटल आरोग्य लैब, सीटी स्कैन सुविधा और आगामी दो माह के भीतर नये मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर शुरू करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन सुविधाओं के शुरू होने से जिला अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
*कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित*
कार्यक्रम में महापौर राम नरेश राय, पूर्व महापौर डमरू बेहरा, सभापति संतोष सिंह, मनीष खटीक, राजकुमार बाधवान, रामौतार, प्रदीप सलूजा, नरेंद्र साहू, राजू नायक, बबलू शर्मा, बीएमओ डॉ. मनीष सिंह, अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेंद्र राय, सिविल सर्जन डॉ. स्वप्निल तिवारी, श्रीपत राय, काकू अरोरा, अभय जायसवाल, सजल भट्टाचार्य, डॉ. गौतम विश्वास, देवकरण सिंह, अरविंद अग्रवाल, जीवनदीप समिति के सदस्य ओमप्रकाश अग्रवाल और प्रतिमा बड़ात्या सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और नागरिक उपस्थित रहे।




































