छात्र, युवाओं, किसानों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन, मुख्यमंत्री जवाब दें या पद छोड़ें : गुड्डू चौहान

---Advertisement---

छात्र, युवाओं, किसानों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन, मुख्यमंत्री जवाब दें या पद छोड़ें : गुड्डू चौहान

जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा शनिवार 4 जुलाई को आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान ने प्रदेश कांग्रेस के आगामी जनआंदोलनों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं, उज्जैन भूमि प्रकरण तथा भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जनता के सवालों का जवाब नहीं दे सकते, तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था लगातार संकट के दौर से गुजर रही है। नीट एवं सीबीएसई परीक्षा से जुड़े विवादों के कारण लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर पूरे प्रदेश में “छात्रों की गूंज” अभियान चलाएगी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की मांग करेगी।

उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को डीएपी, यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। खाद की कालाबाजारी, टोकन व्यवस्था, अपर्याप्त बिजली आपूर्ति तथा मूंग खरीदी में अनियमितताओं से किसान आर्थिक संकट में हैं। कांग्रेस इन समस्याओं को लेकर गांव-गांव तक आंदोलन करेगी।

श्री चौहान ने उज्जैन भूमि प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री को जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए। यदि सरकार निर्दोष है तो पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराकर सभी तथ्य सार्वजनिक किए जाएं।

उन्होंने कहा कि महाकाल लोक परियोजना में निर्माण कार्यों और सार्वजनिक धन के उपयोग को लेकर उठे सवालों का जवाब भी सरकार को देना चाहिए। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े चंदे एवं वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराकर श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखना आवश्यक है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने सरकार के समक्ष कई सवाल भी रखे। इनमें उज्जैन भूमि प्रकरण की जांच, किसानों को समय पर खाद एवं बिजली उपलब्ध कराने, खाद की कालाबाजारी पर कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा महाकाल लोक सहित सार्वजनिक परियोजनाओं की निष्पक्ष जांच जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस शीघ्र ही एक विशेष डिजिटल पोर्टल प्रारंभ करेगी, जहां नागरिक भ्रष्टाचार, सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग एवं कथित अवैध संपत्तियों से संबंधित जानकारी गोपनीय रूप से साझा कर सकेंगे। तथ्यों के सत्यापन के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा आगामी दिनों में प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं, “छात्रों की गूंज” अभियान, 14 एवं 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक Gen Z Cyclothon, 15 जुलाई को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास का घेराव तथा जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन में विशाल जनआंदोलन एवं रैली आयोजित की जाएगी। विधानसभा सत्र में भी इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

अंत में श्री गुड्डू चौहान ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, किसानों के अधिकार, पारदर्शी शासन, लोकतांत्रिक जवाबदेही और प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा के लिए है। जब तक विद्यार्थियों को न्याय, किसानों को राहत और जनता को जवाब नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment