बिजुरी पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा जनजागरण अभियान
‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ के तहत स्कूलों, कॉलरियों और उद्योगों में पहुंचकर 2 हजार से अधिक लोगों को किया जागरूक, दिलाई नशा-मुक्ति की शपथ

संवाददाता : बिलाल अहमद
अनूपपुर। समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और युवाओं को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से थाना बिजुरी पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के अंतर्गत स्कूलों, कॉलरियों, औद्योगिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर छात्रों, शिक्षकों, श्रमिकों और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। अभियान के दौरान करीब 1500 से 2000 लोगों को जागरूक करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
थाना बिजुरी पुलिस की टीम ने दिनभर चले अभियान के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है और यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होंगे।
अभियान के अंतर्गत सेंट जोसेफ विद्यालय बिजुरी, आर.के.व्ही.व्ही. विद्यालय कपिलधारा, शासकीय कन्या हाई स्कूल बिजुरी तथा सीएलके हाई सेकेंडरी स्कूल बिजुरी में निबंध लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने चित्रों और लेखों के जरिए नशे के खिलाफ अपने विचार प्रस्तुत किए। पुलिस ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शीघ्र सम्मानित किया जाएगा।
शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ पुलिस टीम ने कुरजा कॉलरी, बहेराबांध कॉलरी और जे.एम.एस. कंपनी में भी पहुंचकर श्रमिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्हें नशे की लत से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान, पारिवारिक तनाव, आर्थिक हानि और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। श्रमिकों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को “नशे से दूरी है जरूरी” की सामूहिक शपथ दिलाई गई। लोगों ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अभियान में बच्चों, युवाओं, शिक्षकों, श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून के भरोसे नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
थाना बिजुरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि “नशा-मुक्त बिजुरी, सुरक्षित समाज और उज्ज्वल भविष्य” उनका प्रमुख लक्ष्य है। इसी उद्देश्य से आगे भी जागरूकता अभियान, संवाद कार्यक्रम और जनसहभागिता आधारित गतिविधियां लगातार संचालित की जाएंगी।
बिजुरी पुलिस की यह पहल क्षेत्र में नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना जगाने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास मानी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत आवश्यक और प्रेरणादायक कदम बताया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे के अवैध कारोबार या सेवन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
































































