भेजरी में फुटबॉल का रोमांच: तीन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

---Advertisement---

भेजरी में फुटबॉल का रोमांच: तीन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

जगतगुरु माऊली सरकार अंतरराज्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता में हुए रोमांचक मुकाबले, सलहरो ने तीन गोल से दर्ज की जीत

पुष्पराजगढ़। ग्राम जोड़ो अभियान के तहत जगतगुरु माऊली सरकार अंतरराज्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 के अंतर्गत गुरुवार 8 अक्टूबर को पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भेजरी स्थित रानी प्रभा कुमारी स्टेडियम में तीन मुकाबले खेले गए। दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैच देखने के लिए खेलप्रेमियों की भीड़ भी स्टेडियम में मौजूद रही

पहला मुकाबला बहपुर और अमरकंटक की टीमों के बीच हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोर लगाया, लेकिन बहपुर की टीम ने बेहतर तालमेल और शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

इसके बाद दूसरा मैच पयारी अंडर-18 और ट्राइबल यूनिवर्सिटी अंडर-18 टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने मैदान पर आक्रामक खेल के साथ शानदार डिफेंस का भी प्रदर्शन किया। मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे

दिन का तीसरा मुकाबला साल्हारो और गुट्टीपारा के बीच हुआ। इस मैच में साल्हारो की टीम ने शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया और विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर साल्हारो ने तीन गोल से जीत दर्ज कर अगले चरण की ओर कदम बढ़ाया।

9 अक्टूबर को होंगे चार मुकाबले

प्रतियोगिता के तहत 9 अक्टूबर 2026 को अंडर-18 बालक वर्ग के दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला मौहरी और ताली के बीच तथा दूसरा मुकाबला अल्हवार और जमुना की टीमों के बीच होगा।

इसके अलावा क्वालीफायर के दो मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे। पहला क्वालीफायर मैच क्रिकेट और करपा के बीच तथा दूसरा मुकाबला सिलपरी और परसेलकला की टीमों के बीच खेला जाएगा।

एक माह तक चलेगा फुटबॉल का महासंग्राम

जगतगुरु माऊली सरकार अंतरराज्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन नर्मदांचल वीर शिवाजी युवा संगठन, पुष्पराजगढ़ द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता के संरक्षक भाजपा जिला अध्यक्ष अनूपपुर हीरा सिंह श्याम हैं। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में स्थानीय टीमों के साथ विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। आने वाले दिनों में मुकाबलों का रोमांच और बढ़ेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment