29 और 30 मई को गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल लाई में होगा आयोजन
मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 29 और 30 मई को गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल परिसर लाई में आयोजित होने वाली दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण कार्यशाला को सफल बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यशाला की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ वर्ग प्रमुख भीमसेन अग्रवाल, जिला प्रभारी बाबूलाल गोयल, प्रशिक्षण प्रमुख रामलखन सिंह पैकरा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले, प्रशिक्षण नियंत्रक लखन लाल श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल केसरवानी, चिरमिरी महापौर रामनरेश राय तथा जिला महामंत्री आशीष मजूमदार मंचासीन रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले ने आगामी प्रशिक्षण कार्यशाला के उद्देश्य, आयोजन की तैयारियों और संगठनात्मक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।
वर्ग प्रमुख भीमसेन अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और अनुशासन पर निर्भर करती है। प्रशिक्षण कार्यशाला के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति और जनसंपर्क के प्रभावी तरीकों की जानकारी मिलेगी जिससे संगठन और अधिक मजबूत होगा।
जिला प्रभारी बाबूलाल गोयल ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और कार्यशैली का विकास होता है। उन्होंने सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचार आधारित संगठन है जहां कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को विशेष महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यशाला से कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति, कार्यपद्धति और जनसेवा के मूल मंत्र को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण प्रमुख रामलखन सिंह पैकरा ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन के लिये एक परीक्षा की तरह है। जिन-जिन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं उन्हें पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास और अनुशासन से ही यह प्रशिक्षण कार्यशाला सफल हो सकेगी। बैठक के दौरान आयोजन स्थल की व्यवस्थाएं, भोजन, आवास, पंजीयन, मंच संचालन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां तय की गईं। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राहुल सिंह, रामचरित द्विवेदी, रमेश यादव, धर्मेंद्र पटवा, जमुना पाण्डेय, प्रदीप सलूजा, श्रीमती सरोज यादव, आशीष सिंह, श्रीमती प्रवीण सिंह, रीत जैन, सुरेश श्रीवास्तव, आदित्य राज डेविड, बबीता सिंह, प्रतिमा पटवा, मनोज केशरवानी, सुशील सिंह, अरविंद अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, जलील शाह, आलोक जायसवाल, महेंद्र पाल सिंह, रोहित वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





































