बदरा चोरी कांड का खुलासा: फरार आरोपी गिरफ्तार, सोना-चांदी के जेवर व नगदी बरामद

---Advertisement---

बदरा चोरी कांड का खुलासा: फरार आरोपी गिरफ्तार, सोना-चांदी के जेवर व नगदी बरामद

अनूपपुर। भालूमाड़ा थाना पुलिस ने बदरा गांव में हुई बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी और चोरी के सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार ग्राम बदरा निवासी नागेन्द्र कुमार अवस्थी ने 20 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एम.एन. सिंह पेट्रोल पंप के संचालक संग्राम सिंह अपने परिवार के साथ इलाज कराने नागपुर गए हुए थे। इसी दौरान 19-20 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला। शिकायत के आधार पर भालूमाड़ा थाना में अपराध क्रमांक 24/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी घटना कैद मिली, लेकिन आरोपियों ने नकाब पहन रखा था, जिससे पहचान नहीं हो सकी। फुटेज में यह भी सामने आया कि आरोपी इनोवा कार से मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें टोल नाका मैनटोला बिजुरी से एक इनोवा कार क्रमांक CG 16 CG 2914 घटना के बाद मनेन्द्रगढ़ की ओर जाती हुई दिखाई दी।

वाहन की जानकारी जुटाने पर पता चला कि कार कुर्वान रजा खान निवासी तिलईधार थाना सीतापुर जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़) के नाम पर दर्ज है, जिसे उसने अपने मामा ससुर जब्बीर खान को चलाने के लिए दिया था। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुर्वान रजा खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरे चोरी कांड का खुलासा हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि जब्बीर खान, आरिफ खान, अनीश खान उर्फ गोल्डन, नंदलाल उर्फ नंदू गिरी और पास्टर उर्फ मानवेंद्र लकड़ा ने मिलकर इनोवा कार से बदरा पहुंचकर घर का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरी के जेवर अम्बिकापुर के चांदनी चौक स्थित माँ अन्नपूर्णा ज्वेलर्स के संचालक नीरज सोनी को लगभग 9 लाख रुपये में बेच दिए गए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनीश उर्फ गोल्डन, नंदलाल उर्फ नंदू गिरी, कुर्वान रजा खान और जेवर खरीदने वाले नीरज सोनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि नीरज सोनी ने चोरी के जेवर पिघलाकर उनसे नए आभूषण बनाकर बिक्री शुरू कर दी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 1 किलो 700 ग्राम चांदी के जेवर (पायल, कड़ा, बिछिया) और करीब दो तोले की सोने की चेन बरामद की।

पुलिस ने मामले में प्रयुक्त इनोवा कार को भी जप्त कर लिया, जिसे खराब स्थिति में कोतवाली अंबिकापुर में खड़ा कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को पहले पुलिस रिमांड पर रखा गया और बाद में न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इसी बीच फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद आरिफ खान और जसबीर खान को 8 मार्च 2026 को रायकेरा और सीतापुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी जब्बीर खान के कब्जे से 50 हजार रुपये नगद और आरिफ खान से 27 हजार 50 रुपये नगद तथा सोने के तीन लॉकेट बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को न्यायालय कोतमा में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया।

मामले में एक आरोपी पास्टर उर्फ मानवेंद्र लकड़ा अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विपुल शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में कृपाल सिंह, चक्रधर तिवारी, देवेंद्र तिवारी और सुप्रिया त्रिपाठी शामिल रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

April 16, 2026

April 16, 2026

April 16, 2026

April 16, 2026

April 16, 2026

April 16, 2026

Leave a Comment