एमसीबी। मनेन्द्रगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत पाराडोल के बैगा पारा में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिये प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता और साफ-सफाई के महत्व को सरल तरीके से समझाया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को खुले में शौच के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करते हुए शौचालय के नियमित उपयोग पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि खुले में शौच करने से ना केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य प्रभावित होता है बल्कि पूरे गांव में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है।
*मौसमी बीमारियों से बचाव की दी जानकारी*
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए डायरिया, उल्टी-दस्त और लू जैसी बीमारियों से बचाव के उपाय भी साझा किये गये। ग्रामीणों को सलाह दी गई कि वे साफ और उबला हुआ पानी पियें। भोजन को ढककर रखें, नियमित रूप से साबुन से हाथ धोएं और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाये रखें।
शौचालय निर्माण के लिये किया प्रेरित
अभियान के दौरान ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर शौचालय निर्माण कराने के लिये प्रोत्साहित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि खुले में शौच मुक्त गांव बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है जिससे स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


















































