अनूपपुर 05 अक्टूबर 2026/राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 7 अक्टूबर 2026 को जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों कोतमा, अनूपपुर एवं पुष्पराजगढ़ से ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा के सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन ने पत्र जारी कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए दायित्व सौंपा हैं।
विधानसभा क्षेत्र 86-कोतमा की यात्रा प्रातः 7 बजे दूमरकछार-राजनगर से प्रारंभ होगी। यात्रा दूमरकछार, राजनगर, बिजुरी, डोला, बहाटोला होते हुए कोतमा पहुंचेगी तथा कोतमा में एकीकरण के बाद अनूपपुर के लिए रवाना होगी। यात्रा के नोडल अधिकारी कार्यपालिक दण्डाधिकारी कोतमा श्री गुरुदास महरा हैं। सहायक नोडल अधिकारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी डूमरकछार श्री शरद गौतम एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी बिजुरी श्री पवन साहू होंगे।
विधानसभा क्षेत्र 87-अनूपपुर की यात्रा प्रातः 7 बजे दैखल सिद्ध बाबा हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा पयारी, बदरा, भालूमाड़ा, चोलना, खूटाटोला एवं जैतहरी होते हुए अनूपपुर पहुंचेगी। इसके नोडल अधिकारी कार्यपालिक दण्डाधिकारी अनूपपुर श्री ज्ञानदास पनिका तथा सहायक नोडल अधिकारी कार्यपालिक दण्डाधिकारी जैतहरी श्री राजेन्द्रदास पनिका होंगे।
विधानसभा क्षेत्र 88-पुष्पराजगढ़ की यात्रा प्रातः 7 बजे चंदनघाट से प्रारंभ होगी। यह यात्रा बेनीबारी, लीलाटोला, बम्हनी, लखौरा, राजेन्द्रग्राम, पटना (लांघटोला) एवं जमुड़ी होते हुए अनूपपुर पहुंचेगी। इसके नोडल अधिकारी कार्यपालिक दण्डाधिकारी पुष्पराजगढ़ श्री मुकुन्द प्रधान तथा सहायक नोडल अधिकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ श्री हरीशचन्द्र द्विवेदी होंगे। तीनों यात्राएं 7 अक्टूबर 2029 को प्रातः 10 बजे तक जिला मुख्यालय स्थित उत्कृष्ट विद्यालय के मैदान में पहुंचेंगी। यहां अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा प्रातः 11 बजे से प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण होगा। अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ यात्रा एवं कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।







































































