अमरकंटक में नवागत थाना प्रभारी मानिम टोप्पो से पत्रकारों की परिचयात्मक बैठक

---Advertisement---

अमरकंटक में नवागत थाना प्रभारी मानिम टोप्पो से पत्रकारों की परिचयात्मक बैठक

अमरकंटक की सुरक्षा , यातायात और अवैध गतिविधियों पर हुई गंभीर चर्चा

अवैध शराब , सट्टा , रेत परिवहन और नाबालिगों के वाहन संचालन पर कार्रवाई की उठी मांग

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में नवागत थाना प्रभारी मानिम टोप्पो के साथ नगर के पत्रकारों की एक परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई ।

बैठक में पत्रकारों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए अमरकंटक क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं , कानून व्यवस्था , यातायात प्रबंधन तथा आमजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों से अवगत कराया ।

बैठक के दौरान अमरकंटक की धार्मिक एवं पर्यटन महत्ता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया । पत्रकारों ने कहा कि देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक यहां पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा , सुगम यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है ।

अवैध शराब और सट्टा पर प्रभावी कार्रवाई की मांग

पत्रकारों ने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री एवं सट्टा गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता बताई । उन्होंने कहा कि धार्मिक नगरी होने के कारण अमरकंटक को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाए रखने के लिए ऐसे अवैध कारोबारों पर अंकुश लगाना आवश्यक है । साथ ही उन स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई करने की मांग की गई , जहां इस प्रकार की गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं ।

अवैध रेत परिवहन बना चिंता का विषय

बैठक में अवैध रेत परिवहन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया । पत्रकारों ने थाना प्रभारी को क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन की शिकायतों से अवगत कराते हुए नियमित वाहन जांच तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता बताई ।

नाबालिगों के वाहन संचालन पर रोक लगाने की मांग

नगर में नाबालिगों द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन तेज चलाने के बढ़ते मामलों पर भी चिंता व्यक्त की गई । पत्रकारों ने कहा कि इससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है । वहीं मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार से दौड़ते वाहन आम नागरिकों और श्रद्धालुओं के लिए खतरा बन रहे हैं । इस पर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर जागरूकता बढ़ाने और नियम उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की गई ।

पर्व एवं पर्यटन सीजन में बेहतर यातायात व्यवस्था पर जोर

अमरकंटक में धार्मिक पर्वों , अवकाश के दिनों और विशेष आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है । देश , विदेश सहित आस पास के भारी संख्या ने श्रद्धालु , पर्यटक पहुंचते है । ऐसे समय में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है । बैठक में प्रमुख मार्गों , चौराहों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास यातायात को व्यवस्थित करने , पार्किंग समस्या के समाधान तथा वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर नियंत्रण के उपायों पर भी चर्चा की गई ।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा रहे सर्वोच्च प्राथमिकता

पत्रकारों ने थाना प्रभारी से अपेक्षा जताई कि अमरकंटक आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए । विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों , पर्यटन क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों पर पुलिस की सतत मौजूदगी और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया ।

बैठक के दौरान थाना प्रभारी मानिम टोप्पो ने पत्रकारों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया । उन्होंने कहा कि पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र की समस्याओं को समझने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी ।

बैठक के अंत में पत्रकारों ने नवागत थाना प्रभारी को अमरकंटक में पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में शांतिपूर्ण , सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment