अमरकंटक में मां भगवती की आराधना के साथ शारदीय नवरात्रि महोत्सव का भव्य शुभारंभ

---Advertisement---

अमरकंटक में मां भगवती की आराधना के साथ शारदीय नवरात्रि महोत्सव का भव्य शुभारंभ

कल्याण सेवा आश्रम से निकली विशाल शोभायात्रा , 108 कन्याओं ने कलश धारण कर बढ़ाई शोभा ;

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र धार्मिक-आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में शारदीय नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा , भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ हुआ । श्री कल्याण सेवा आश्रम में नवरात्रि के प्रथम दिवस भव्य शोभायात्रा निकाली गई , जिसमें 108 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर सहभागिता की । गाजे-बाजे , पारंपरिक वाद्य यंत्रों , मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मां भगवती की रथ यात्रा और जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया ।

शोभायात्रा श्री कल्याण सेवा आश्रम से प्रारंभ होकर मां नर्मदा के पावन उद्गम कुंड पहुंची । यहां नर्मदा मंदिर के पुजारियों , काशी के विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चना संपन्न कराई गई । वीतराग तपस्वी बाबा कल्याण दास जी महाराज ने मां नर्मदा के दर्शन कर समस्त जनमानस के सुख , शांति , समृद्धि एवं कल्याण की कामना की । पूजन के पश्चात शोभायात्रा पुनः कल्याण सेवा आश्रम पहुंची , जहां पारंपरिक पूजा पद्धति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि महोत्सव के धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत शुभारंभ हुआ ।

नौ दिनों तक होगी मां भगवती की विशेष आराधना

श्री कल्याण सेवा आश्रम में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी नौ दिनों तक मां भगवती की विशेष पूजा-अर्चना , मनोहारी श्रृंगार , आरती और विविध धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे । महोत्सव के दौरान प्रतिदिन रात्रि में निशा हवन भी संपन्न होगा । वाराणसी (काशी) के विद्वान ब्राह्मण आचार्यों के मार्गदर्शन में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराए जाएंगे ।

नवरात्रि के नौ दिनों तक आश्रम परिसर में साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आध्यात्मिक वातावरण बना रहेगा । यह संपूर्ण आयोजन वीतराग तपस्वी बाबा कल्याण दास जी महाराज के सानिध्य में हो रहा है । महोत्सव की व्यवस्थाओं का दायित्व स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज संभाल रहे हैं । श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए आश्रम परिसर में व्यापक तैयारियां की गई हैं ।

दशहरा पर होगा विशाल नगर भंडारा

नवरात्रि महोत्सव का समापन विजयादशमी अर्थात दशहरा के अवसर पर होगा । इस अवसर पर श्री कल्याण सेवा आश्रम की ओर से विशाल नगर भंडारे का आयोजन किया जाता है , जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते है । अमरकंटक सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से ग्रामीणजन , बैगा जनजाति के लोग और मां भगवती के भक्त बड़ी संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करेंगे ।

विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक टोलियों ने बांधा समां

शोभायात्रा का विशेष आकर्षण विभिन्न राज्यों से पहुंची सांस्कृतिक एवं संगीत मंडलियां रहीं । ओडिशा की घंट पार्टी , छत्तीसगढ़ के खरसिया की कर्मा पार्टी , उत्तराखंड के पिथौरागढ़ की कुमाऊं छोलिया नृत्य टोली , छत्तीसगढ़ की म्यूजिकल सॉन्ग पार्टी और अमरकंटक की डीजे म्यूजिक टीम ने अपनी प्रस्तुतियों से शोभायात्रा को आकर्षक और भव्य बना दिया । पारंपरिक लोकवाद्य , लोकनृत्य और संगीत की धुनों पर श्रद्धालु आनंद एवं उत्साह से झूमते नजर आए । विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक परंपराओं का संगम शोभायात्रा की खास पहचान बना ।

श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह लोगों ने जलपान की व्यवस्था

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी । इस दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने सेवा और समर्पण की भावना से शोभायात्रा में शामिल भक्तों के लिए जगह-जगह पेयजल , फल , बिस्कुट , चाय एवं अन्य जलपान की व्यवस्था की । लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर धार्मिक आयोजन के प्रति अपनी आस्था और सहभागिता प्रदर्शित की । रास्तो में पूज्य बाबा जी को पुष्प मालाएं अर्पित कर उनकी आरती उतारे ।

संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति

शोभायात्रा एवं शुभारंभ कार्यक्रम में पूज्य तपस्वी बाबा कल्याण दास जी महाराज , स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज , स्वामी जगदीशानंद जी , स्वामी धर्मानंद जी , स्वामी शांतानंद जी , स्वामी राम प्रसाद जी , मनीष स्वरूप जी , ब्रह्मचारी शांतिस्वरूप जी , विनोद पजारे , पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को , संतोष पांडेय सहित अनेक साधु-संत , श्रद्धालु , भक्तगण , नगर के गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे ।

श्रद्धा , भक्ति , सेवा और सांस्कृतिक उल्लास के साथ शुरू हुआ शारदीय नवरात्रि महोत्सव आगामी नौ दिनों तक अमरकंटक में धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक चेतना का विशेष वातावरण बनाए रखेगा ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment