30 से अधिक महिलाओं से एक करोड़ की धोखाधड़ी, दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

30 से अधिक महिलाओं से एक करोड़ की धोखाधड़ी, दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

बैंकों और फाइनेंस कंपनियों से ऋण दिलाने का झांसा देकर महिलाओं के नाम पर लिया था कर्ज, जैतहरी पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में किया पेश

जैतहरी/अनूपपुर। ग्राम चोई की 30 से अधिक महिलाओं और अन्य ग्रामीणों से एक करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी के मामले में जैतहरी पुलिस ने लगभग दो वर्ष से फरार आरोपी दिनेश राठौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 10 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार करने के बाद वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी 2024 को ग्राम चोई निवासी राधा देवी राठौर ने करीब 30 अन्य पीड़ित महिलाओं के साथ थाना जैतहरी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि माया राठौर, उसके पति पूरन राठौर, पुत्र नोहर उर्फ बबलू राठौर और दामाद दिनेश राठौर ने विभिन्न बैंकों एवं फाइनेंस कंपनियों से ऋण दिलाने तथा उसकी किश्तें स्वयं जमा करने का प्रलोभन दिया।

आरोपियों ने कथित तौर पर ग्रामीण महिलाओं के नाम पर ऋण स्वीकृत कराया और ऋण की राशि स्वयं प्राप्त कर ली। शिकायत के मुताबिक, इस तरीके से ग्राम चोई की 30 से अधिक महिला हितग्राहियों और अन्य ग्रामीणों से एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

लगभग दो साल से चल रही थी तलाश

प्रकरण में दिनेश राठौर लंबे समय से फरार था। पुलिस ने तलाश के दौरान उसे 10 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

इनकी रही भूमिका

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अनूपपुर के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जेपीएच तिर्की और प्रधान आरक्षक संजय लोधी की भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment