अभाविप ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
कोतमा में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन, शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रहित पर वक्ताओं ने रखे विचार

कोतमा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कोतमा नगर इकाई द्वारा नगर के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान एवं उनके उत्साहवर्धन के उद्देश्य से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के महत्व पर जोर देते हुए वक्ताओं ने विद्यार्थियों से सामाजिक सरोकारों के साथ राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं अभाविप कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक दीपक रहे। विशिष्ट अतिथियों में हनुमान गर्ग, नगर पालिका अध्यक्ष अजय सराफ, थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला, जिला संगठन मंत्री शिवेंद्र चतुर्वेदी, विभाग संयोजक अखिलेश सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हनुमान गर्ग ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा राष्ट्रवादी छात्र संगठन है, जो स्थापना काल से ही छात्र हित, समाज हित और राष्ट्रहित के लिए कार्य करता आ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से संगठन की गतिविधियों से जुड़कर अपने व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करने का आह्वान किया।
थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल छात्र आंदोलनों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने रचनात्मक कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों के कारण भी अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष अजय सराफ ने कहा कि अभाविप वर्षभर छात्र हितों की रक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती है। ऐसे आयोजन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
जिला संगठन मंत्री शिवेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और संस्कारों का विकास करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही देश का भविष्य हैं और उनमें सकारात्मक नेतृत्व क्षमता का विकास आवश्यक है।
समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने भी इस पहल को प्रेरणादायी बताते हुए भविष्य में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विभाग संयोजक अखिलेश सिंह, जिला संयोजक प्रणव मिश्रा, नगर मंत्री प्रांजल तिवारी, राज ताम्रकार, उत्कर्ष उपाध्याय, भव्य राजानी, रितेश चौरसिया, ओमप्रकाश, आदित्य, ध्रुव, महिमा, याशिका, हर्षिता, शौर्य ताम्रकार, ऋषभ ताम्रकार, शिवांश सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन महिमा श्रीवास ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।




































