लंबित प्रोत्साहन राशि को लेकर महिला एवं बाल विकास सचिव से की चर्चा, जल्द समाधान का मिला भरोसा
रायपुर/मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबित मांगों को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने शासन स्तर पर पहल तेज कर दी है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव से मुलाकात कर कार्यकर्ताओं की समस्याओं से अवगत कराया और लंबित राशि के शीघ्र भुगतान की मांग रखी।
गुलाब कमरो ने बताया कि मनेन्द्रगढ़ परियोजना में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर ऐप की प्रोत्साहन राशि एवं सुपोषण चौपाल मद की राशि लंबे समय से प्राप्त नहीं हुई है। इससे अल्प मानदेय पर काम कर रही कार्यकर्ताओं के सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता केवल विभागीय कर्मचारी नहीं बल्कि गांव-गांव तक पोषण, स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके द्वारा नियमित रूप से पोषण ट्रैकर ऐप पर कार्य, हितग्राहियों की जानकारी और योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
पूर्व विधायक ने सचिव को अवगत कराया कि पोषण ट्रैकर ऐप की राशि जून 2024 से फरवरी 2025 और मार्च 2026 से मई 2026 तक लंबित है वहीं सुपोषण चौपाल मद की राशि भी कई महीनों से अटकी हुई है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को ऐप संचालन के लिये इंटरनेट सहित अन्य खर्च स्वयं उठाना पड़ रहा है जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। शासन को इस विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल भुगतान की व्यवस्था करनी चाहिये।
गुलाब कमरो ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान और अधिकारों के लिये वे आगे भी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने मांग की कि लंबित भुगतान जारी कर प्रदेश की इन कर्मठ बहनों को राहत दी जाये।






































