ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार कृषि उपज मंडी में शनिवार को तुलावटी और हम्मालों के आपसी विवाद के कारण नीलामी एवं तुलाई का कार्य ठप हो गया, जिससे दूर-दराज से अपनी उपज लेकर आए किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार शनिवार को अवकाश होने के बावजूद मुख्यमंत्री के आदेश और जिला प्रशासन के निर्णय के बाद मंडी प्रशासन, व्यापारी संघ, हम्माल संघ और किसान प्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी थी कि मंडी में नियमित कार्य होगा। इसी सहमति के आधार पर सुबह से नीलामी और तुलाई का कार्य सुचारू रूप से चल रहा था।
लेकिन दोपहर करीब 11 बजे तुलावटी और हम्मालों के दो धड़ों में आपसी विवाद हो गया। एक धड़ा कार्य करने को तैयार था, जबकि दूसरा धड़ा काम बंद करने पर अड़ गया। दोनों पक्षों के विवाद के चलते मंडी का कार्य बीच में ही रोकना पड़ा।
इसका सीधा खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों से किराए के वाहन लेकर आए किसान मंडी गेट पर धरने पर बैठ गए और बाद में छत्रीपुरा चौराहे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
व्यापारी संघ अध्यक्ष अनंत अग्रवाल ने कहा कि तुलावटी और हम्मालों के विवाद के कारण किसान पिस रहा है। उन्होंने मंडी सचिव से मांग की कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से काम करने को तैयार तुलावटी-हम्मालों से कार्य तत्काल शुरू कराया जाए।
मंडी सचिव मंशाराम जमरे ने बताया कि विवाद सुलझाकर कार्य शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
1 मंशाराम जामरे सचिव कृषि उपज मंडी धार












































