रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
गंधवानी।* नेता प्रतिपक्ष एवं गंधवानी विधायक उमंग सिंघार ने कहा कि गंधवानी विधानसभा मेरा परिवार है। मैं कहीं भी रहूं, लेकिन हर पर्व अपने परिवार यानी क्षेत्र की जनता के साथ ही मनाता हूं। आप लोगों का साथ और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।
सिंघार गंधवानी में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में हजारों लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राम-राम करना हम आदिवासी भाइयों की परंपरा है और अपनी संस्कृति, रीति-रिवाज तथा पुजारा, बड़वा, पटेल और तड़वी जैसी पारंपरिक व्यवस्थाओं को सहेजना हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जब भी मैं आदिवासी समाज की परंपराओं और अधिकारों की बात करता हूं तो भाजपा के लोग कहते हैं कि मैं केवल आदिवासियों की बात करता हूं। भाजपा और आरएसएस के लोग मेरे खिलाफ घूमते हैं, लेकिन मुझे इसकी चिंता नहीं है। जनता का प्यार ही मेरी असली ताकत है।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज लोगों को न पानी मिल रहा है, न पर्याप्त बिजली और न ही समय पर खाद। 2028 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और किसानों को खाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। कांग्रेस सरकार में मंत्री रहते नर्मदा का पानी क्षेत्र में लाने की योजना बनाई थी, लेकिन भाजपा सरकार ने उस पर रोक लगा दी। हमारी लड़ाई जारी रहेगी और 200 गांवों तक नर्मदा का पानी पहुंचाया जाएगा।
नीट परीक्षा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि पेपर लीक से बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। माता-पिता कर्ज लेकर बच्चों को पढ़ाते हैं, लेकिन व्यवस्था की खामियों से सपने टूटते हैं।
समारोह में लगभग 30 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था थी। आदिवासी गायक आंदिलाल भाबर की प्रस्तुति पर पूरा परिसर गूंज उठा। विधायक उमंग सिंघार भी आदिवासी गीतों पर जमकर थिरके। कार्यक्रम में बदनावर विधायक भंवरसिंह शेखावत, पूर्व विधायक मुरली मोरवाल, राधेश्याम मुवेल और जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन प्रदीप अगाल ने किया। आभार जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने माना।












































