कोतमा रेलवे स्टेशन पर अतिक्रमण को लेकर उठे सवाल, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग तेज

---Advertisement---
  • पूर्व की घटना के बाद भी कोतमा रेलवे स्टेशन मास्टर और रेल प्रबंधन की चुप्पी पर उठे गंभीर सवाल: मंदिर की सुरक्षा दीवार पर चला था हथौड़ा, पर आज भी अवैध दुकानों और कब्जों के आगे प्रशासन नतमस्तक!

विजय शंकर सोनी अनूपपुर :— कानून और नियम सबके लिए समान होते हैं, लेकिन कोतमा रेलवे स्टेशन प्रबंधन और स्थानीय रेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यहाँ कानून की परिभाषा निर्माण की प्रकृति और रसूख देखकर तय की जाती है। पूर्व में नगर के वार्ड क्रमांक 08 स्थित रेलवे स्टेशन परिसर के समीप भगवान शिव की प्रतिमा के चारों ओर बन रही सुरक्षा बाउंड्री वॉल को रेलवे अधिकारियों और ठेकेदार की मौजूदगी में जिस तत्परता से ध्वस्त कराया गया था, उसका असर आज भी नगर की जनता के जहन में ताजा है। सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई के वीडियो वायरल होने के बाद जो आक्रोश भड़का था, वह आज और भी गंभीर हो गया है—क्योंकि उस एकतरफा कार्रवाई के बाद भी स्टेशन क्षेत्र में फैले अवैध दुकानों, व्यावसायिक कब्जों और अनधिकृत निर्माणों पर रेलवे प्रशासन ने आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

आस्था पर हुई थी तत्काल कार्रवाई, पर अवैध कब्जों को आज भी अभयदान

पूर्व में जब वार्ड क्रमांक 08 में स्थानीय नागरिकों के सहयोग से भगवान शिव की प्रतिमा की सुरक्षा और पवित्रता बनाए रखने के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू किया गया था, तब रेलवे प्रशासन ने नियमों और रेलवे सीमा का हवाला देते हुए तत्काल कार्रवाई कर दीवार को तुड़वा दिया था। लेकिन विडंबना देखिए कि जिस रेलवे प्रशासन ने जन-आस्था से जुड़ी एक सुरक्षा दीवार को पल भर में जमींदोज कर दिया था, वही प्रशासन आज तक अपनी ही जमीन पर जमे अवैध दुकानदारों और स्थायी-अस्थायी कब्जाधारियों के सामने पूरी तरह से मौन और असहाय नजर आ रहा है।

यात्री सुविधाओं पर भारी अतिक्रमण, स्टेशन चौक से परिसर तक अव्यवस्था

आज भी कोतमा स्टेशन चौक, वाचनालय के दोनों ओर और रेलवे स्टेशन परिसर से सटी बेशकीमती जमीनों पर अवैध दुकानों, गुमटियों और अतिक्रमणकारियों का कब्जा बेखौफ जारी है। दुकानदारों द्वारा सड़क और रेलवे सीमा तक सामान फैलाए जाने के कारण स्टेशन पहुंचने वाले मुख्य मार्गों पर रोजाना भीषण जाम लगता है। आम राहगीरों, स्कूली बच्चों और दूर-दराज से आने वाले रेल यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश करने और बुनियादी सुविधाओं का लाभ उठाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्पष्ट रूप से केवल मंदिर की बाउंड्री वॉल को हटाकर प्रशासन ने अपनी ‘चुनिंदा सख्ती’ का परिचय दिया, जबकि व्यावसायिक लाभ कमाने वाले अतिक्रमणकारियों को खुली छूट दे रखी है।

स्टेशन मास्टर और स्थानीय रेल प्रबंधन की जवाबदेही तय होना अनिवार्य

रेलवे अधिनियम के तहत रेलवे परिसर और उसकी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखना तथा यात्रियों को सुरक्षित व सुगम वातावरण उपलब्ध कराना स्टेशन प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके बावजूद, कोतमा रेलवे स्टेशन मास्टर और संबंधित इंजीनियरिंग व संपदा विभाग की नाक के नीचे अवैध दुकानों और अनधिकृत निर्माणों का साम्राज्य फल-फूल रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों की यह रहस्यमय चुप्पी प्रशासन की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

निष्पक्ष सीमांकन और समान कार्रवाई की मांग

कोतमा के प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल प्रबंधक (DRM) और जिला प्रशासन से मांग की है कि पूर्व की एकतरफा कार्रवाई की समीक्षा करते हुए कोतमा स्टेशन मास्टर और स्थानीय अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। जनता की स्पष्ट मांग है कि रेलवे भूमि का निष्पक्ष सीमांकन कराकर सभी अवैध व्यावसायिक दुकानों और कब्जों को बिना किसी भेदभाव के तत्काल हटाया जाए, अन्यथा प्रशासन की इस दोहरी नीति के खिलाफ नगर में बड़ा जन-आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment