बैकुंठपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---
  • मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहा था युवक, पुलिस ने सप्लायर को भी पकड़ा, 2.86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

बैकुंठपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिये पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में बैकुंठपुर थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल और नगदी सहित कुल 2 लाख 86 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 नवंबर 2026 की रात एक युवक मोटरसाइकिल के माध्यम से गांजा लेकर परिवहन कर रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर बैकुंठपुर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए उसे पकड़ा। पूछताछ और विवेचना के दौरान इस मामले में गांजा उपलब्ध कराने वाले एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल साहू उर्फ छोटू (22 वर्ष) पिता स्वर्गीय देवनारायण साहू और निर्मल बहादुर सोनी (46 वर्ष) पिता स्वर्गीय देव बहादुर सोनी दोनों निवासी बरबसपुर थाना पोड़ी जिला एमसीबी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 16 CV 3899 जिसकी कीमत 30 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन की कीमत 5 हजार रुपये तथा 1 हजार रुपये नगद जब्त किया गया हैं। इस तरह जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य 2 लाख 86 हजार रुपये आंका गया है।मामले में थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 352/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।पुलिस की इस कार्यवाही से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और सप्लाई से जुड़े लोगों में सख्त संदेश गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण के लिये ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment