- एनसीएल में “सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026” का हुआ समापन
- देश की ऊर्जा सुरक्षा में एनसीएल सहित कोल इंडिया का अमूल्य योगदान – श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी
‘नेतृत्व, आचरण और कार्यशैली से स्थापित होता है। कार्यस्थल पर ऐसा वातावरण होना ज़रूरी है जहाँ प्रत्येक कर्मी निर्भीक होकर अपनी बात रख सके, सही निर्णय ले सके और पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सके। यह कथन है सीवीओ, सीआईएल श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी का जो उन्होंने सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के समापन समारोह के दौरान कहा। उन्होंने एनसीएल कर्मियों को ऊर्जा संरक्षा के लिए अभिप्रेरित करते हुए कहा कि *“तुम अधूरे नहीं तुम अभागे नहीं, बात इतनी सी है कि तुम जागे नहीं”*।
इसके साथ ही श्री त्रिपाठी ने कहा कि *यदि हम अच्छे हैं, तो सब अच्छा होगा,* क्योंकि किसी भी परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होती है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार हम अपनी माँ का सम्मान एवं संरक्षण करते हैं, उसी प्रकार कंपनी का भी संरक्षण करना हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि विभागीय बैरियर को तोड़ते हुए दीर्घकालिक लक्ष्य के लिए सबको साथ लेकर चलना होगा। देश की ऊर्जा सुरक्षा में एनसीएल सहित कोल इंडिया का अमूल्य योगदान को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि कोल इंडिया जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है ।अंत में, उन्होंने कोल इंडिया की ‘रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म, इन्फॉर्म’ मंत्र के बारे में जानकारी प्रदान की।
गौरतलब है कि सोमवार को एनसीएल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के समापन समारोह का आयोजन किया गया। एनसीएल में यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 01 नवम्बर 2026 तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर आयोजित किया गया था।

इस अवसर पर एनसीएल के सीएमडी, श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए सत्यनिष्ठा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे प्रत्येक कार्य, निर्णय और व्यवहार में ईमानदारी, पारदर्शिता तथा नैतिकता का समावेश होना चाहिए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने आत्मचिंतन का आह्वान करते हुए कहा कि हमें निरंतर अपना आत्ममूल्यांकन करते रहना चाहिए कि हम अपने दायित्वों का निर्वहन सही तरीक़े से कर सकें। अंत में श्री जयकुमार ने ‘मैन इन द मिरर’ की अवधारणा को रेखांकित करते हुए कहा कि किसी भी सार्थक परिवर्तन का प्रारंभ स्वयं से होना चाहिए। उन्होंने बताया कि जब हम स्वयं में सकारात्मक बदलाव लाएंगे, तभी कंपनी और राष्ट्र के हित में परिवर्तन संभव हो सकेगा। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि हमें सही निर्णय लेने में किसी प्रकार का भय नहीं होना चाहिए बल्कि हमें भ्रष्टाचार के प्रति भय होना चाहिए।
निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार ने कहा कि सतर्कता सप्ताह अब औपचारिक परंपरा से बाहर निकालकर एक निवारक और नवाचारी पहल बन गई है l उन्होंने बताया कि सतर्कता को अपने दैनिक आचरण, निर्णयों और कार्यशैली में पारदर्शिता तथा सार्थकता के साथ आत्मसात किया जाना चाहिए, जिससे विश्वास और जवाबदेही की कार्य संस्कृति विकसित हो सके।

समापन समारोह में सीवीओ, एनसीएल श्री अजय कुमार जायसवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा और ईमानदारीपूर्वक कार्य करने से जीवन में खुशहाली तथा शांति आती है। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में उन्होंने एनसीएल की डिजिटल और सतर्कता निवारक पहलों का उल्लेख किया । साथ ही सुधार योग्य क्षेत्रों पर भी व्यापक सुझाव दिए ।
एनसीएल मुख्यालय में आयोजित समापन समारोह के दौरान सीएमडी, एनसीएल, श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी, कोल इंडिया, श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, निदेशक (मानव संसाधन), श्री मनीष कुमार, सीवीओ, एनसीएल, श्री अजय कुमार जायसवाल के साथ ही मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, सभी परियोजनाओं से महाप्रबंधक तथा बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारीगण एवं स्कूली छात्र-छात्राएँ भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान एक वीडियो के माध्यम से सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान सभी क्षेत्रों इकाइयों में सम्पन्न विभिन्न गतिविधियों को दर्शाया गया। साथ ही एक ई-सतर्कता विशेषांक तथा एनसीएल में वर्तमान एसओपी के संकलन का कंपेंडियम का विमोचन किया गया।
समापन समारोह में धन्यवाद ज्ञापन वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन/ सतर्कता), श्री शिवेंद्र सिंह ने दिया। इस अवसर पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं से संबंधित विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।












































