- छूलहा गांव के पास तड़के 4 बजे हुआ दर्दनाक हादसा, दो सगे भाइयों और बोलेरो मालिक ने मौके पर तोड़ा दम; एक युवक गंभीर
अनूपपुर। जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।
हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई दीनबंधु विश्वकर्मा (36) और विनीत विश्वकर्मा (26) शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम (32), निवासी धनगवां के रूप में हुई है। मृतकों में शामिल विनीत विश्वकर्मा भारतीय सेना में जवान था और दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था।
शादी में शामिल होने घर लौट रहा था सेना का जवान
परिजनों के मुताबिक विनीत अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। शादी छत्तीसगढ़ के रायपुर में होनी थी। बताया गया कि वह रात करीब 3 बजे ट्रेन से पहुंचा था। इसके बाद वह बोलेरो से घर लौट रहा था। वाहन में उसके बड़े भाई दीनबंधु विश्वकर्मा और दोस्त राजू तिवारी भी सवार थे।
परिवार के लिए यह सफर आखिरी सफर साबित हुआ। छूलहा गांव के पास बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार तीन लोगों की जान चली गई, जबकि राजू तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में दो भाइयों की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दीनबंधु विश्वकर्मा पंचायत में सेल्समैन के रूप में कार्य करते थे, जबकि उनके छोटे भाई विनीत भारतीय सेना में जवान थे। परिवार के मुखिया जयकरण विश्वकर्मा लोहारी का काम करते हैं। परिवार में एक अन्य बेटा कियोस्क सेंटर संचालित करता है।
एक ही परिवार के दो बेटों की एक साथ मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे, जहां अपनों के शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घायल युवक की हालत गंभीर
हादसे में धनगवां निवासी राजू तिवारी (30), पिता सुरेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया गया।
सुबह साढ़े पांच बजे पुलिस ने दी परिजनों को सूचना
पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों तथा घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
ट्रक से बोलेरो की टक्कर कैसे हुई, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से किन परिस्थितियों में टकराई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बोलेरो ट्रक के पीछे जा घुसी थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग और तेज रफ्तार वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।












































