मनेन्द्रगढ़ पत्रकार संघ की नई टीम घोषित, सुरजीत सिंह रैना अध्यक्ष और राजेश सिन्हा सचिव बने

---Advertisement---
  • मनेन्द्रगढ़ पत्रकार संघ की कमान सुरजीत सिंह रैना के हाथ, राजेश सिन्हा बने सचिव
  • सर्वसम्मति से हुआ नये पदाधिकारियों का चयन, जल्द होगा कार्यकारिणी का विस्तार
  • पत्रकारों के हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती को देंगे प्राथमिकता

मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ पत्रकार संघ के संगठनात्मक गठन को लेकर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से नये पदाधिकारियों का चयन किया गया। पत्रकार संघ के सभी सदस्यों ने आपसी सहमति और एकजुटता का परिचय देते हुए पत्रकार साथी सुरजीत सिंह रैना को संघ का अध्यक्ष तथा राजेश सिन्हा को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी। दोनों के चयन के बाद पत्रकार साथियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। साथी पत्रकारों, सामाजिक लोगों और शुभचिंतकों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

बैठक में संगठन की भावी गतिविधियों, पत्रकारों की एकजुटता और संघ को अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने को लेकर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से अध्यक्ष और सचिव का चयन किये जाने को संगठन में आपसी विश्वास, सहयोग और सामूहिक नेतृत्व की भावना के रूप में देखा जा रहा है साथ ही निर्णय लिया गया कि जल्द ही पत्रकार संघ की कार्यकारिणी का विस्तार किया जायेगा जिसमें अन्य सदस्यों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जायेंगी।

अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर सुरजीत सिंह रैना और सचिव नियुक्त किये जाने पर राजेश सिन्हा ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार संघ केवल एक संगठन नहीं बल्कि सभी पत्रकार साथियों के सम्मान, अधिकारों और आपसी सहयोग का साझा मंच है। वे सभी सदस्यों को साथ लेकर चलेंगे तथा प्रत्येक साथी के सुख दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। संगठन में किसी भी सदस्य को अकेला महसूस नहीं होने दिया जायेगा। आपसी समन्वय, भाईचारा और एकता बनाये रखते हुए पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिये सामूहिक प्रयास किये जायेंगे। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान और संगठन की मजबूती उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। संघ को सक्रिय बनाने के साथ ही पत्रकारों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने, एक दूसरे के सहयोग और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जायेगा।

गौरतलब है कि लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ माना जाता है। समाज की समस्याओं को सामने लाने, जनहित के मुद्दों को आवाज देने और शासन प्रशासन तक आम नागरिकों की बात पहुंचाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में पत्रकारों की एकजुटता और उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिये एक मजबूत संगठन की आवश्यकता हमेशा बनी रहती है। उम्मीद जताई जा रही है कि सुरजीत सिंह रैना और राजेश सिन्हा के नेतृत्व में मनेन्द्रगढ़ पत्रकार संघ संगठनात्मक एकता को नई मजबूती देगा और पत्रकारों के हितों और सम्मान के लिये प्रभावी भूमिका निभायेगा।

  • गठन के दौरान इनकी रही उपस्थिति

पत्रकार संघ के गठन और पदाधिकारियों के चयन के अवसर पर प्रमुख रूप से सतीश गुप्ता, रफीक मेमन, रंजीत सिंह, प्रवीण निशी, कृष्णा वस्त्रकार, धीरेंद्र विश्वकर्मा, गुरदीप अरोरा, शराफत अली, शकील अंसारी, सुजीत शाह, राकेश मेघानी, सिकन्दर अली, वरुण चक्रवर्ती, विनय पांडे, सरफराज अहमद, मृत्युंजय सोनी, गोपाल रैकवार, राहुल दुबे और बबलू जायसवाल सहित अन्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित सदस्यों ने नवनियुक्त अध्यक्ष सुरजीत सिंह रैना और सचिव राजेश सिन्हा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मनेन्द्रगढ़ पत्रकार संघ नई ऊर्जा, नई सोच और मजबूत एकजुटता के साथ आगे बढ़ेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment