- व्यापारियों की सुरक्षा और भरोसे पर खरी उतरी एमसीबी पुलिस
- पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, थाना प्रभारी विवेक पाटले सहित पूरी टीम को दी बधाई, बोले– पुलिस बल की कमी के बावजूद पुलिस की तत्परता और कार्यशैली सराहनीय
मनेन्द्रगढ़। शहर के दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हुई चोरी की घटनाओं का सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा चोरी की संपत्ति बरामद करने पर व्यापारिक जगत ने पुलिस की कार्यवाही की सराहना की है। इस सफलता पर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के एमसीबी जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार और समस्त व्यापारियों की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले तथा समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।
कैट जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने कहा कि व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में चोरी की घटनाएं होना निश्चित रूप से चिंता का विषय है लेकिन पुलिस ने जिस तत्परता और गंभीरता के साथ दोनों मामलों की जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है वह सराहनीय है। पुलिस ने ना केवल चोरी की वारदातों का खुलासा किया बल्कि चार बड़े मोटर पंप और नगदी सहित लगभग 65 हजार रुपये की संपत्ति भी बरामद की है। इससे व्यापारियों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जिले में पुलिस बल की कमी और सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में चोरी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों तक पहुंचना और चोरी का सामान बरामद करना पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा, सक्रियता और बेहतर कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
रघुनाथ पोद्दार ने पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में पूरी पुलिस टीम द्वारा किये गये प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिये पुलिस और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिये व्यापारी वर्ग भी पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने के लिये तत्पर है।
अंत में कैट जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने समस्त व्यापारियों की ओर से पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी और कार्यवाही में शामिल सभी पुलिसकर्मियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पुलिस इसी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही करती रहेगी।










































