- पेयजल पाइपलाइन विस्तार से लेकर सड़क, नाली, फुटपाथ और प्रकाश व्यवस्था तक होंगे निर्माण कार्य
एमसीबी। चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और शहर के विकास को गति देने के लिये 9 करोड़ 82 लाख 71 हजार रुपयों की लागत से 89 विकास कार्यों को अनुमति प्रदान की गई है। नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने 15वें वित्त आयोग के अबंधित अनुदान मद से इन कार्यों को कराने की अनुमति दी है। प्रस्तावित कार्यों में पेयजल पाइपलाइन विस्तार, सीसी सड़क निर्माण, आरसीसी नालियां, पैदल पथ तथा मार्ग प्रकाश व्यवस्था जैसे नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
विकास कार्यों की अनुमति मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चिरमिरी में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इन कार्यों के पूरा होने से आम नागरिकों को दैनिक जीवन में राहत मिलेगी तथा शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी।
- पेयजल व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
पेयजल सुविधा के विस्तार के लिये विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन बिछाने और विस्तार के कार्य प्रस्तावित किये गये हैं। वार्ड क्रमांक 8 के कोरिया कॉलरी क्षेत्र में संतोषी माता मंदिर के सामने से काली मंदिर तक मुख्य पाइपलाइन विस्तार के लिये 49.87 लाख रुपये की अनुमति दी गई है वहीं वार्ड क्रमांक 6 के गंगाधर तिलक वार्ड में अलग-अलग स्थानों पर पाइपलाइन विस्तार के लिये 28.60 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 10 के हल्दीबाड़ी क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन कार्य के लिये 15 लाख रुपये की अनुमति मिली है। इन कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को पानी की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
- सड़क और नाली निर्माण से सुधरेगा आवागमन
नगर निगम क्षेत्र में सड़क और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिये भी कई निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है। वार्ड क्रमांक 6 और 8 के बीच सीमेंट-कांक्रीट सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण के लिये 47.80 लाख रुपये की अनुमति प्रदान की गई है। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 8 में मुख्य मार्ग से शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सड़क निर्माण के लिये 9.86 लाख रुपयों का प्रावधान किया गया है। सड़क निर्माण के साथ नालियों के विकास पर भी जोर दिया गया है ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम हो और लोगों को आवागमन में परेशानी ना हो।
- तालाब क्षेत्र का होगा सौंदर्यीकरण, मार्गों पर रोशनी
वार्ड क्रमांक 31 के गोदरीपारा में कोठारी मैदान के समीप मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिये 9.90 लाख रुपयों की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही बड़ा बाजार क्षेत्र में तालाब तक पैदल पथ निर्माण और तालाब की सुरक्षा दीवार बनाने का कार्य भी विकास योजना में शामिल है। इससे सार्वजनिक स्थलों की सुविधा, सुरक्षा और उपयोगिता बढ़ाने की दिशा में काम किया जायेगा। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि पेयजल पाइपलाइन के विस्तार से लोगों को पानी की सुविधा मिलेगी, सड़कों और पैदल पथों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा तथा नालियों के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनेगी। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से चिरमिरी के नागरिकों को रोजमर्रा की सुविधाओं में राहत मिलेगी और शहर का स्वरूप भी निखरेगा।
- गुणवत्ता और समयसीमा का पालन करने के निर्देश
नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने नगर निगम को सभी कार्यों के लिये नियमानुसार आवश्यक तकनीकी, प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृतियां प्राप्त करने के निर्देश दिये हैं साथ ही निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया गया है। 89 विकास कार्यों के लिये मिली अनुमति को चिरमिरी शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इन कार्यों के धरातल पर उतरने से विभिन्न वार्डों में सड़क, पेयजल, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।










































