- नर्मदा तट रामघाट , कोटि तीर्थ घाट पर व्रती महिलाओं ने संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए की सूर्योपासना
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में लोकआस्था , श्रद्धा और भक्ति का महापर्व छठ पारंपरिक उल्लास एवं धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया । कार्तिक शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि पर उदीयमान भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए रामघाट के उत्तर एवं दक्षिण तट सहित कोटि तीर्थ घाट पर तड़के से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा । व्रती महिलाओं ने मां नर्मदा के पावन जल में खड़े होकर विधि-विधान से सूर्यदेव एवं छठी मैया की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि , आरोग्यता , संतान की दीर्घायु तथा मंगलमय जीवन की कामना की ।
सुबह तड़के नगर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था । पारंपरिक वेशभूषा एवं सोलह शृंगार में सजी व्रती महिलाओं ने पूजा की सामग्री , फल-फूल , पारंपरिक प्रसाद और सूप के साथ भगवान भास्कर के उदय होने की प्रतीक्षा की । घाटों को रंग-बिरंगी झालरों एवं आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था । आतिशबाजी के बीच छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भजनों से संपूर्ण नर्मदा तट भक्तिमय हो उठा ।
प्रातः जैसे ही पूर्व दिशा में भगवान सूर्यदेव की लालिमा दिखाई दी श्रद्धालुओं ने नर्मदा के पवित्र जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य समर्पित किया । इसके साथ ही छठी मैया की पूजा-अर्चना कर व्रत का पारंपरिक विधान पूरा किया गया ।
घाटों पर गूंजते जयकारों और सामूहिक आराधना से अमरकंटक का वातावरण पूरी तरह भक्तिरस में सराबोर नजर आया ।
- अपर कलेक्टर बलवीर रमन भी परिवार सहित पहुंचे
इस पावन अवसर पर अनूपपुर जिले के अपर कलेक्टर बलवीर रमन भी अपने परिवारजनों के साथ नर्मदा नदी के दक्षिण तट पहुंचे । उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया का पूजन-अर्चन कर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-शांति एवं मंगलमय जीवन की कामना की ।
- आस्था , संयम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व
उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व सूर्योपासना एवं प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला विशिष्ट लोकपर्व है । चार दिवसीय इस पर्व में व्रती श्रद्धालु कठिन नियमों , संयम और पूर्ण पवित्रता के साथ अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं । यह पर्व निष्ठा , तपस्या , पारिवारिक मंगलकामना और प्रकृति के सम्मान का प्रतीक माना जाता है । भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की आराधना से जुड़ी यह प्राचीन परंपरा भारतीय लोकसंस्कृति और सनातन आस्था की विशिष्ट पहचान है ।

- नगर के गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की रही सहभागिता
धार्मिक आयोजन में डॉ. एस.के. तिवारी , छटटू गुप्ता , हरेराम गुप्ता , भरत गुप्ता , मृत्युंजय गुप्ता , मुरारीलाल गुप्ता , प्रमोद शर्मा , विजय शर्मा , संदीप शर्मा , प्रदीप शर्मा , अमर शर्मा , राजीव कुमार झा , मुनीष पांडेय , लखन द्विवेदी , भाजपा नेत्री अंजना कटारे , बबीता सिंह , सुरेश द्विवेदी , पटवारी अश्वनी तिवारी , भरत चंद्रवंशी , संजय श्रीवास , पत्रकार धनंजय तिवारी , अशोक साहू , संजय साहू , सोनू गुप्ता , दिलीप साहू , सूरज साहू , गिरिजाशंकर पांडेय , उमाशंकर पांडेय (मुन्नू) सहित अनेक गणमान्य नागरिक , उनके परिवारजन , नवोदय विद्यालय एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के कर्मचारी और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे ।
आयोजन के दौरान अमरकंटक थाना पुलिस की सुरक्षा बल व्यवस्था एवं सुरक्षा की दृष्टि से मुस्तैद रहा । मां नर्मदा के पावन तट पर उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते श्रद्धालुओं की आस्था , भक्ति और सामूहिक सहभागिता ने छठ महापर्व को यादगार बना दिया । इस आयोजन ने एक बार फिर अमरकंटक की आध्यात्मिक गरिमा , धार्मिक सौहार्द और लोकसंस्कृति की समृद्ध परंपरा का सुंदर परिचय दिया ।











































