- छठी माई के जयकारों से गूंजा सामतपुर घाट, दीपों की रोशनी और लोकगीतों ने बांधा श्रद्धा का समां
अनूपपुर। सूर्य उपासना, कठिन तपस्या और अटूट आस्था का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व नगर के पांडवकालीन शिव-मारुति मंदिर परिसर स्थित सामतपुर मढ़फा तालाब घाट पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। 15 नवंबर की संध्याकालीन बेला में व्रतधारी महिलाओं एवं पुरुषों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भगवान भास्कर और छठी माई की आराधना की। वहीं 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर विधि-विधान से व्रत का पारण किया। इस दौरान घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा परिसर छठी माई के जयकारों से गूंज उठा।
- लोकगीतों और दीपों से जगमगाया छठ घाट
छठ पर्व के अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर सिर पर बांस की डलिया और डगरा में पूजन सामग्री, फल एवं प्रसाद लेकर घाट तक पहुंचीं। इस दौरान ‘कांचे ही बांस के बहंगिया’ और ‘उठहु सूरज देव’ जैसे पारंपरिक छठ गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। अनेक व्रती अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर दंडवत करते हुए घाट पहुंचे। तालाब के किनारे दीपों की कतारों और जल में झिलमिलाते दीपदानों ने अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। सूर्यास्त से लेकर सूर्योदय तक श्रद्धा और भक्ति की अविरल धारा बहती रही।
- समिति ने संभाली व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
छठ पूजा समिति सामतपुर मढ़फा तालाब एवं शिव-मारुति युवा संगठन के पदाधिकारियों ने आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति के संयोजक एडवोकेट अक्षयवट प्रसाद ने बताया कि श्रद्धालुओं एवं व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए टेंट, प्रकाश, सुरक्षा तथा पारण की समुचित व्यवस्था की गई थी। नगरपालिका परिषद अनूपपुर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी की जिम्मेदारी निभाई गई।
- जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अधिकारियों की रही मौजूदगी
आयोजन में भगवा पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया लाल मिश्रा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह, पार्षद डॉ. प्रवीण आशीष त्रिपाठी, गणेश रौतेल, विनोद सोनी, रेलवे मेंस कांग्रेस के जोनल महामंत्री लक्ष्मण राव, सतेन्द्र दुबे, प्रमोद गौर, चैतन्य मिश्रा, शिवांशु रंजन बैठा, अजय प्रसाद एवं राहुल प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र अनूपपुर के जिला कमांडेंट एवं उनकी टीम ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। वहीं कोतवाली थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ घाट परिसर का भ्रमण कर यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की।
- उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ 36 घंटे के* कठिन व्रत का पारण
16 नवंबर की प्रभात बेला में एक बार फिर व्रती महिलाएं एवं पुरुष पूजन सामग्री के साथ घाट पहुंचे। उगते सूर्य की पहली किरण के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और लोककल्याण की कामना की गई। इसके साथ ही कठिन निर्जला व्रत का विधिवत पारण हुआ। पूरा घाट ‘जय छठी माई’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा प्रसाद वितरण और एक-दूसरे से प्रसाद ग्रहण करने की परंपरा निभाई।
- आयोजन मंडल के सदस्यों का रहा विशेष योगदान
भव्य आयोजन में संरक्षक एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रेम कुमार त्रिपाठी, एडवोकेट अक्षयवट प्रसाद, कन्हैया लाल मिश्रा, राजीव शुक्ला, लक्ष्मण राव, सतेन्द्र दुबे, चैतन्य मिश्रा, आशीष त्रिपाठी, गणेश रौतेल, आर.के. सिंह, प्रमोद गौर, अजय कुमार प्रसाद, शिवांशु रंजन, वरुण चटर्जी, संतोष दुबे, राहुल कुमार, बृजेश राठौर, डी.एन. यादव, विनोद सिंह, विजय राठौर, रविंद्र प्रताप यादव सहित शिव-मारुति युवा संगठन एवं पूर्वांचल समाज के सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।
- आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का पर्व
छठ पूजा सूर्य देव एवं षष्ठी देवी अर्थात छठी माई की उपासना का महापर्व है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में नहाय-खाय, खरना, संध्याकालीन अर्घ्य और प्रातःकालीन अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है। यह पर्व आत्मसंयम, स्वच्छता, तपस्या, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पारिवारिक मंगलकामना का प्रतीक माना जाता है।
पांडवकालीन सामतपुर मढ़फा तालाब में आयोजित छठ महापर्व ने एक बार फिर अनूपपुर में पूर्वांचल की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, सामाजिक एकता और सामूहिक आस्था की अनुपम छटा बिखेरी। डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन श्रद्धालुओं के मन में भक्ति और उल्लास की अविस्मरणीय स्मृतियां छोड़ गया।











































