ग्राम करौंदी में धूमधाम से मनाई गई धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती

---Advertisement---
  • सर्व धर्म मानव सेवा समिति, कुबरी के आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सैकड़ों आदिवासी परिवारों ने की सहभागिता

कुबरी/करौंदी। जनजातीय समाज के गौरव, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती ग्राम करौंदी में सर्व धर्म मानव सेवा समिति, कुबरी के तत्वावधान में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आदिवासी समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस दौरान उनके संघर्षपूर्ण जीवन, त्याग, साहस, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के अधिकारों एवं स्वाभिमान के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष मृत्युंजय प्रसाद गौतम, कुबरी जनपद पंचायत सदस्य यज्ञराज साहू, सेक्टर अध्यक्ष कुबरी रणजीत सिंह, सुदीप द्विवेदी, कुशियारी सरपंच गंगा साहू, दद्दी कोल, चंद्रमणि कोल, दद्दू कोल, बांकेलाल कोल, शिवदयाल कोल, मंगल कोल, सीता कोल, नेवजुआ कोल, गुल्लू कोल, शीला कोल, श्यामलाल साहू, शिवप्रसाद साकेत, रामदयाल साकेत, मिस्त्री शिवबहोर साकेत एवं लाला यादव सहित आदिवासी परिवारों के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के आत्मसम्मान, सांस्कृतिक पहचान, अधिकारों और सामाजिक जागरण के महान प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियां कितनी भी प्रतिकूल क्यों न हों, यदि मनुष्य के भीतर आत्मविश्वास, साहस और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता हो तो वह इतिहास की दिशा बदल सकता है।

समिति अध्यक्ष मृत्युंजय प्रसाद गौतम ने अपने संदेश में कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति केवल भौतिक संसाधनों से नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सामाजिक समरसता, मानवीय संवेदनाओं और एक-दूसरे के सम्मान से संभव है। महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें याद करना नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारना होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सर्व धर्म मानव सेवा समिति का मूल उद्देश्य धर्म, जाति और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा, सामाजिक एकता और वंचित वर्गों के सम्मान एवं उत्थान के लिए कार्य करना है। सेवा ही सच्ची साधना है और मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है।

कार्यक्रम के माध्यम से समाज में शिक्षा, जागरूकता, समानता, भाईचारे और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा जी के आदर्शों पर चलकर एक समतामूलक, जागरूक और संवेदनशील समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

अंत में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी को नमन करते हुए उनके संघर्ष, विचारों और आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment