- मनेन्द्रगढ़ के श्रीराम मंदिर में 17 नवंबर को गोपाष्टमी और 18 नवंबर को अक्षय नवमी का आयोजन, कार्तिक महिला मंडल ने की विशेष तैयारियां
मनेन्द्रगढ़। गौ माता के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण का संदेश देने वाला गोपाष्टमी पर्व इस वर्ष मनेन्द्रगढ़ में धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जायेगा। स्थानीय श्रीराम मंदिर में कार्तिक महिला मंडल द्वारा पर्व के उपलक्ष्य में विशेष पूजा अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। मंगलवार 17 नवंबर को गोपाष्टमी और बुधवार 18 नवंबर को अक्षय नवमी के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की सहभागिता के बीच विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
गोपाष्टमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रीराम मंदिर के महंत पं. ओम नारायण द्विवेदी ने कहा कि भारतीय परंपरा में गौ माता को पूजनीय मानने के पीछे केवल धार्मिक आस्था ही नहीं बल्कि प्रकृति और जीव जंतुओं के प्रति सम्मान का भाव भी जुड़ा हुआ है। गौ माता भारतीय सभ्यता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन में सदियों से महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही हैं। इसलिये उनकी सेवा और सुरक्षा को प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझना चाहिये। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन गौसेवा और जीवों के प्रति प्रेम का प्रेरणादायी उदाहरण है। गोपाष्टमी का संबंध भगवान श्रीकृष्ण के गौचारण से जुड़ा है। यह पर्व हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करने और गौवंश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का अवसर देता है।

महंत द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान समय में गौसेवा का संदेश घर घर तक पहुंचाने की आवश्यकता है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर भटकने वाले गोवंश की सुरक्षा, उनके भोजन पानी की व्यवस्था और जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल पर्व विशेष पर पूजा करने से हमारा दायित्व पूरा नहीं होता बल्कि गौ माता के संरक्षण के लिये निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में अच्छे संस्कारों और सेवा भावना का विस्तार करना भी है। बच्चों और युवाओं को गौसेवा के महत्व से परिचित कराकर उनमें जीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित की जानी चाहिये।
- महीनेभर मंदिर में चल रही कार्तिक मास की आराधना
श्रीराम मंदिर में कार्तिक मास के दौरान एक महीने तक विशेष पूजापाठ और धार्मिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कार्तिक महिला मंडल की महिलाएं प्रतिदिन पूजा अर्चना में शामिल होकर भक्ति और श्रद्धा के साथ धार्मिक परंपराओं का निर्वहन कर रही हैं। मंदिर में नियमित आराधना, भजन कीर्तन और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
इसी धार्मिक श्रृंखला में गोपाष्टमी के बाद 18 नवंबर को अक्षय नवमी का पर्व मनाया जायेगा। सनातन परंपरा में अक्षय नवमी को दान, पुण्य, पूजा और सेवा कार्यों के लिये विशेष महत्व प्राप्त है। इस दिन किये गये शुभ कार्यों का फल अक्षय रहने की धार्मिक मान्यता है।
महंत पं. ओम नारायण द्विवेदी ने नगर के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से दोनों पर्वों पर श्रीराम मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने सभी से अपील की कि गोपाष्टमी को केवल धार्मिक उत्सव के रूप में ना मनाकर गौ माता की सेवा, गोवंश की सुरक्षा और सनातन संस्कृति के मूल्यों को अपनाने के संकल्प दिवस के रूप में भी मनायें।











































