कोल इंडिया लिमिटेड के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में प्रभात-फेरी, ध्वजारोहण सहित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण/विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बीसीसीएल सीसीसी, वेलफेयर एवं सेफ्टी बोर्ड सदस्य, सीआईएसएफ के अधिकारी/कर्मी, सुरक्षा बल सदस्य तथा अन्य अधिकारी-कर्मी, गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर वीर कोयला श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की गई। निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार सहित उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहीद कोयला श्रमिकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बलिदान को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
तत्पश्चात, निदेशकगण, अधिकारियों-कर्मियों तथा सीआईएसएफ के जवानों ने डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयला नगर के एनसीसी एवं स्पोर्ट्स विंग के छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई प्रभात-फेरी में सहभागिता की। प्रभात-फेरी शहीद स्मारक से प्रारंभ होकर मुख्य चौराहे एवं डीएवी पब्लिक स्कूल होते हुए कोयला भवन के मुख्य द्वार पर संपन्न हुई। इस अवसर पर मुख्य द्वार पर स्थापित खनिक प्रतिमा ‘जय खनिक’ पर अधिकारियों ने माल्यार्पण कर श्रमिक समुदाय के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
इसके उपरांत कोयला भवन मुख्यालय के प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह ने कोल इंडिया ध्वज फहराया। इस दौरान उपस्थित सभी जनों ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ तथा कोल इंडिया कॉर्पोरेट गीत में सहभागिता की और कोल इंडिया एवं बीसीसीएल की निरंतर प्रगति, विकास एवं उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
अपने संबोधन में निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी के रूप में कोल इंडिया देश की ऊर्जा सुरक्षा एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने कोयला उत्पादन एवं आपूर्ति की निरंतरता बनाए रखी, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कोल इंडिया की एक महत्वपूर्ण अनुषंगी कंपनी के रूप में बीसीसीएल देश की कोकिंग कोयले की आवश्यकता की पूर्ति में अहम भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कंपनी की भावी कार्ययोजनाओं, नए उत्पादन पैचों के विकास, आधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों को अपनाने तथा वाशरियों के प्रदर्शन में सुधार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे कंपनी की उत्पादन एवं परिचालन क्षमता को और सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार ने बीसीसीएल की प्रमुख परिचालन उपलब्धियों, नवाचारों, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों, कर्मचारी कल्याण, समावेशी कार्य-संस्कृति एवं हाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीसीसीएल निरंतर प्रगति एवं विकास की दिशा में अग्रसर है और कोल इंडिया की एक महत्वपूर्ण अनुषंगी कंपनी के रूप में उत्पादन, परिचालन दक्षता एवं संगठनात्मक विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी की प्रगति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा उनके हितों, कल्याण एवं व्यावसायिक विकास के प्रति प्रबंधन निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समर्पण, निष्ठा एवं सामूहिक प्रयासों के साथ कार्य करते हुए कंपनी की प्रगति में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री कुमार मनोज ने बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति औपचारिक रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक (मानव संसाधन/जनसंपर्क) श्री प्रणव ओझा ने किया।






































































