- गरिमामय आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के दिए निर्देश
अनूपपुर 31 अक्टूबर 2026/ मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवम्बर 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने आज कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में जिला अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में समारोह के गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए की जाने वाली तैयारियों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय समारोह का आयोजन मुख्यालय स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय अनूपपुर के ऑडिटोरियम हॉल में किया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान गायन, अतिथियों एवं आमंत्रितजनों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, ध्वनि विस्तारक यंत्र, मंच संचालन, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं साफ-सफाई सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर चर्चा की गई। इसके साथ ही जिले के उत्पादों एवं विभिन्न विभागों की उत्कृष्ट उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी आयोजन के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री झा ने जिला मुख्यालय स्थित प्रमुख शासकीय भवनों में 1 नवम्बर की रात्रि को आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, समाजसेवियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों एवं शहीद सैनिकों के परिजनों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्व-सहायता समूहों एवं स्टार्टअप के पदाधिकारियों को भी समारोह में आमंत्रित करने के लिए कहा, ताकि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के आयोजन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।







































































