- सेवानिवृत्त कर्मियों का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत – सीएमडी एनसीएल, श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार
- अक्टूबर माह में महाप्रबंधक (विपणन एवं विक्रय), श्री विनीत सिंह सहित एनसीएल से सेवानिवृत हुए 38 कर्मी
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) से अक्टूबर माह के अंत में महाप्रबंधक (विपणन एवं विक्रय) सहित 38 कर्मी सेवानिवृत हुए।
इसी क्रम में शनिवार को एनसीएल,मुख्यालय में सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यालय से सेवानिवृत्त हो रहे श्री विनीत सिंह, महाप्रबंधक (विपणन एवं विक्रय), श्री राम औतार कोइर, कार्यालय अधीक्षक (प्रणाली विभाग) तथा श्री दुदिल, सहायक पर्यवेक्षक (परिवहन, लाइट व्हीकल विभाग) को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस अवसर पर अपने संबोधन में सीएमडी एनसीएल, श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका दीर्घकालीन सेवाकाल और अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने कर्मियों की सेवाओं के प्रति सदैव आभारी रहती है और एनसीएल हर परिस्थिति में सेवानिवृत हो रहे कर्मियों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को परिवार के साथ तनावमुक्त, स्वस्थ एवं सुखद जीवन व्यतीत करने की शुभकामनाएं दीं।
निदेशक (मानव संसाधन), श्री मनीष कुमार ने सेवानिवृत हो रहे कर्मियों की समयबद्धता, कर्तव्यपरायणता और कंपनी के प्रति समर्पण को अनुकरणीय बताया। इस अवसर पर उन्होंने सेवानिवृत हो रहे श्री विनीत सिंह, महाप्रबंधक (विपणन एवँ विक्रय) के विषय की गहरी समझ को कंपनी के लिए महत्वपूर्ण कहा।
निदेशक (तकनीकी/संचालन), श्री आशुतोष द्विवेदी ने कर्मियों के लंबे सेवाकाल को याद करते हुए उनके समर्पण एवं कर्मठता की सराहना की। उन्होंने उनके सरल स्वभाव, समयबद्धता, कार्य के प्रति निष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना), श्री संजय कुमार मिश्रा ने सेवानिवृत्त कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुभव को कंपनी की महत्वपूर्ण पूंजी बताते हुए कहा कि अनुभवी कर्मियों की सेवाओं की भरपाई करना कठिन है। उन्होंने सभी के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर श्री विनीत सिंह ने कोल इंडिया में अपने लंबे कार्यकाल के अनुभव साझा किया। साथ ही एनसीएल की कार्यसंस्कृति एवं शीर्ष प्रबंधन से मिले मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनसीएल में चुनौतियों का सामना करने और उनसे सफलतापूर्वक उबरने का सामर्थ्य है। इस अवसर पर उन्होंने अपने कार्यकाल के महत्वपूर्ण अनुभवों एवं उपलब्धियों को भी याद किया।
समारोह में उपस्थित सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों के साथ अपने कार्यानुभव एवं संस्मरण साझा किए। इस अवसर पर पारिवारिक सदस्यों ने भी भावुक एवं आत्मीय संस्मरण साझा कर समारोह को विशेष बना दिया।
एनसीएल की सभी परियोजना एवँ इकाइयों में भी सेवानिवृत हो रहे कर्मियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किए गए।







































































