करनपठार पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में बड़ी कार्रवाई, 6 वारंटी गिरफ्तार
एक स्थाई वसूली वारंट और पांच गिरफ्तारी वारंट तामील, लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में किया पेश
अनूपपुर। जिले में फरार आरोपियों और न्यायालय से जारी वारंटों की तामीली के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अक्टूबर 2026 को करनपठार थाना एवं पुलिस चौकी सरई की संयुक्त टीम ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 6 वारंट तामील किए। इनमें एक स्थाई वसूली वारंट और पांच गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। पुलिस ने सभी संबंधित वारंटियों को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा एसडीओपी पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मंगला प्रसाद दुबे के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की तलाश की और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
इन वारंटियों पर हुई कार्रवाई
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुटुंब न्यायालय डिंडौरी से जारी स्थाई वसूली वारंट प्रकरण क्रमांक 63/26 में ग्राम दमेहड़ी निवासी संजय परस्ते पिता फूल सिंह परस्ते को पकड़ा गया।
वहीं न्यायालय राजेंद्रग्राम के प्रकरण क्रमांक 185/23 में धारा 179, 337 एवं 304(ए) के तहत जारी वारंट में ग्राम देवरी निवासी ओमशिवाय पिता नाथू सिंह मरकाम को गिरफ्तार किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रकरण क्रमांक 357/21 में धारा 294, 323, 506 एवं 34 आईपीसी के तहत जारी वारंट में ग्राम लमसरई निवासी इन्द्रभान पिता सुंदर सिंह तथा रवि कुमार पिता इन्द्रभान सिंह को पकड़ा गया।
इसी प्रकार प्रकरण क्रमांक 491/22 में धारा 294, 353, 332, 506 एवं 34 के तहत जारी गिरफ्तारी वारंट में ग्राम सरई निवासी वीर कोल पिता झमकलाल (38) एवं सम्हारू कोल पिता बुधइया लाल (37) को हिरासत में लिया गया। सभी आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया।
मंगला प्रसाद दुबे के नेतृत्व में चला अभियान
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मंगला प्रसाद दुबे ने किया। अभियान में उपनिरीक्षक लियाकत अली, अनुराग अवस्थी, धनेश्वर पटेल, कमल किशोर चंद्रोल, प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह परस्ते, रामप्रसाद सिंह मरावी, फूलसिंह श्याम, आरक्षक अनुराग सिंह तथा महिला आरक्षक शशि गोंड और राखी मरापे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छह वारंटों की तामीली से फरार आरोपियों पर कसा शिकंजा
करनपठार थाना एवं चौकी सरई की संयुक्त कार्रवाई में एक स्थाई वसूली वारंट और पांच गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से न्यायालयीन प्रक्रिया से बच रहे आरोपियों की धरपकड़ हुई है। पुलिस द्वारा फरार वारंटियों की तलाश और वारंट तामीली का अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।







































































