भालूमाड़ा पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में बड़ी कार्रवाई, 9 वारंटी गिरफ्तार कर न्यायालय में किए पेश

---Advertisement---
  • रात्रिकालीन अभियान में 4 स्थाई वारंट और 5 गिरफ्तारी वारंट तामील, लंबे समय से फरार वारंटियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा

अनूपपुर। जिले में अपराधियों और लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अक्टूबर 2026 की रात्रि भालूमाड़ा पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 9 वारंट तामील किए। इनमें 4 स्थाई वारंट और 5 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। सभी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर अंकित सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ सिंह मरकाम तथा एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भालूमाड़ा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।

पुलिस के अनुसार, कॉम्बिंग गश्त के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में न्यायालय कोतमा द्वारा जारी स्थाई वारंटों की तामीली की गई। इनमें चोरी, खनिज अधिनियम, मारपीट, धमकी, दहेज प्रताड़ना तथा सड़क दुर्घटना से संबंधित प्रकरणों के वारंटी शामिल थे।

इसके अतिरिक्त भारतीय न्याय संहिता के तहत मारपीट एवं अन्य अपराधों तथा चोरी के मामलों में जारी गिरफ्तारी वारंटों पर भी कार्रवाई की गई। वहीं पुलिस चौकी फुनगा की टीम ने विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत दर्ज मामलों में जारी तीन गिरफ्तारी वारंटों की तामीली की।

इस प्रकार भालूमाड़ा थाना पुलिस एवं पुलिस चौकी फुनगा की संयुक्त कार्रवाई में कुल 9 वारंट तामील किए गए। पुलिस ने सभी संबंधित वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों एवं न्यायालय से जारी वारंटों की तामीली के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई से लंबे समय से न्यायालय में लंबित प्रकरणों में वारंटियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment