महिला बैंक मित्र से कथित दुर्व्यवहार, धमकी और नकदी लेकर जाने का आरोप, SBI प्रबंधक व थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
मध्यप्रदेश बैंक मित्र संगठन के जिला अध्यक्ष समरेंद्र चंद्र दास ने उठाई निष्पक्ष जांच और महिला बैंक मित्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
जमुना-कोतमा। मध्यप्रदेश बैंक मित्र संगठन, जिला अनूपपुर के जिला अध्यक्ष समरेंद्र चंद्र दास के नेतृत्व में महिला कियोस्क बैंक संचालक के साथ कथित दुर्व्यवहार, धमकी और बैंकिंग कार्य में बाधा डालने के मामले को लेकर बुधवार को एसबीआई जमुना कॉलरी शाखा प्रबंधक मिथिलेश चौधरी और संबंधित थाना प्रभारी राधिका भगत को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है
ज्ञापन में महिला कियोस्क संचालक ने आरोप लगाया है कि 27 अक्टूबर 2026 को बैंकिंग कार्य के दौरान अविनाश कुमार नामक व्यक्ति अधिकारी बनकर वहां पहुंचे थे। महिला बैंक मित्र के अनुसार, ग्राहक के सामने ही उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि इस दौरान रजिस्टर दिखाने और लेन-देन से संबंधित मामलों को लेकर विवाद किया गया तथा उन्हें धमकी भी दी गई महिला संचालक ने यह भी आरोप लगाया है कि अविनाश कुमार बैंकिंग लेन-देन से संबंधित पर्ची और राशि लेकर वहां से चले गए इस घटना से महिला बैंक मित्र मानसिक रूप से परेशान हुई और उसे अपने कार्यस्थल पर असुरक्षा महसूस होने लगी
ज्ञापन में लेन-देन के दौरान राशि और नोटों की संख्या को लेकर हुए विवाद का भी उल्लेख किया गया है। महिला संचालक का कहना है कि वह लंबे समय से बैंकिंग सेवाएं दे रही है और इस प्रकार की घटना से उसके कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्राहक के सामने हुए कथित दुर्व्यवहार से उसकी प्रतिष्ठा भी प्रभावित हुई है
संगठन के जिला अध्यक्ष समरेंद्र चंद्र दास ने बैंक प्रबंधन और पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने, संबंधित व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल करने, लेन-देन की पर्ची और राशि के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने तथा सभी संबंधित पक्षों के बयान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है। संगठन ने महिला बैंक मित्रों के सम्मान एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है
बैंक मित्र ग्रामीण और स्थानीय क्षेत्रों में लोगों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है। संगठन ने उम्मीद जताई है कि संबंधित अधिकारी ज्ञापन पर संज्ञान लेकर उचित कदम उठाएंगे
इनकी रही उपस्थिति
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष समरेंद्र चंद्र दास के साथ ओम प्रकाश रजक, श्याम लाल साहू, अमरेश प्रताप सिंह, वीरेंद्र कुमार सोनी, राजेश प्रताप सिंह, विनय सरस, संतोष महरा, पोषण, कृष्ण कुमार, दिनेश कुमार, अजय गुप्ता और दुर्गेश कुमार सोनी उपस्थित रहे






































































