सेवानिवृत्त कर्मियों को मिला ‘कल्याण सेतु’ का तोहफा

---Advertisement---

राष्ट्रीय एकता दिवस पर वेकोलि मुख्यालय में गूंजी एकता की शपथ, सेवानिवृत्त कर्मियों को मिला ‘कल्याण सेतु’ का तोहफा

अब घर बैठे ऑनलाइन जमा होगा मेडिकल जीवन प्रमाण-पत्र, मेडिकल कार्ड नवीनीकरण और चिकित्सा सुविधाएं जारी रखने की प्रक्रिया होगी आसान

नागपुर। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) मुख्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण वेकोलि के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए ‘कल्याण सेतु’ (KALYAN SETU) डिजिटल पोर्टल का शुभारंभ रहा। इस पहल से सेवानिवृत्त कर्मियों को अब मेडिकल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि वे घर बैठे ऑनलाइन यह प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

कार्यक्रम में वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने निदेशक तकनीकी (संचालन) संदीप परांजपे एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय मधुकर म्हेत्रे की उपस्थिति में अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकजुटता को मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. पांडे ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और भारत के एकीकरण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पटेल का दूरदर्शी नेतृत्व, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया।

डॉ. पांडे ने संगठन की मजबूती के लिए आपसी सहयोग, बेहतर समन्वय और टीम भावना को आवश्यक बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही किसी भी संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। यही मूल्य राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के साथ वेकोलि की प्रगति और विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

  • सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए डिजिटल सुविधा की नई पहल

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुरू किया गया ‘कल्याण सेतु’ पोर्टल वेकोलि के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल सुविधा साबित होगा। ‘आपकी सेवा, हमारा संकल्प’ की भावना के साथ तैयार इस पोर्टल के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मी अपना मेडिकल जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इससे उन्हें प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कार्यालय आने की अनिवार्यता से राहत मिलेगी और समय एवं श्रम की बचत होगी।

पोर्टल पर जमा किए गए जीवन प्रमाण-पत्र के आधार पर प्रचलित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार मेडिकल कार्ड के नवीनीकरण तथा पात्रतानुसार चिकित्सा सुविधाओं को जारी रखने की प्रक्रिया भी आसान होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मियों को घर बैठे सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराना है।

  • हर क्षेत्र में स्थापित होंगे हेल्प डेस्क

पोर्टल के प्रभावी संचालन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के लिए वेकोलि के प्रत्येक क्षेत्र में हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। यहां लाभार्थियों को पंजीकरण, पोर्टल के उपयोग और ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही पोर्टल के उपयोग के दौरान आने वाली समस्याओं एवं शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि ‘कल्याण सेतु’ पोर्टल की परिकल्पना और विकास वेकोलि के औद्योगिक संबंध विभाग तथा सिस्टम विभाग के संयुक्त प्रयासों से किया गया है। इस पूरी पहल को अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में तैयार किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त एवं कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

वेकोलि की यह पहल न केवल डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि लंबे समय तक संस्थान को अपनी सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भी परिचायक है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment