- परियोजना कार्यालय कोतमा में टेक होम राशन एवं गरम पका भोजन वितरण की समीक्षा बैठक संपन्न
अनूपपुर 29 अक्टूबर 2026/ जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार सहायक संचालक श्रीमती मंजुषा शर्मा की उपस्थिति में बुधवार को परियोजना कार्यालय कोतमा में आंगनवाड़ी केंद्रों में टेक होम राशन एवं गरम पका भोजन वितरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से हितग्राहियों को समय पर पोषण आहार उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक संचालक श्रीमती मंजुषा शर्मा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के विकासखंड प्रबंधक, परियोजना अधिकारी श्रीमती मथिल्डा लकड़ा, समस्त क्षेत्रीय पर्यवेक्षक तथा विकासखंड समन्वयक उपस्थित रहे।
सहायक संचालक ने स्व-सहायता समूहों को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में ही निर्धारित टेक होम राशन आंगनवाड़ी केंद्रों में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए, ताकि हितग्राहियों को समय पर पोषण आहार मिल सके। उन्होंने राशन वितरण की व्यवस्था को नियमित एवं समयबद्ध बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के विकासखंड प्रबंधक ने भी स्व-सहायता समूहों को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों में टेक होम राशन के साथ गरम पका भोजन की आपूर्ति भी निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित की जाए। साथ ही पोषण आहार की गुणवत्ता एवं नियमित उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, जिससे आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से हितग्राहियों को शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पोषण आहार उपलब्ध कराया जा सके।







































































