केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशानुसार देशभर के मंत्रालयों, विभागों, संस्थानों एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में 26 अक्टूबर से 01 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। इस वर्ष की विषयवस्तु (थीम) ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है। जागरूकता अभियान के अंतर्गत बीसीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों में विविध कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज कोयला भवन मुख्यालय में सतर्कता विभाग द्वारा कंपनी में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पत्नियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘भ्रष्टाचार की रोकथाम में परिवार की भूमिका’ विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में मुख्यालय के विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जीवनसाथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने निबंधों के माध्यम से नैतिक आचरण के महत्व, भ्रष्टाचार की रोकथाम में परिवार की भूमिका, व्यक्तिगत एवं सामाजिक जवाबदेही तथा निवारक सतर्कता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों को हिंदी एवं अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस पहल का उद्देश्य सतर्कता के प्रति व्यापक सामाजिक जागरूकता विकसित करना तथा पारदर्शिता, नैतिकता एवं जवाबदेही जैसे मूल्यों को परिवार और समाज के स्तर पर प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक रजक, प्रबंधक (सिविल/सतर्कता) तथा श्री संतोष कुमार, उप प्रबंधक (मानव संसाधन/सतर्कता) ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सतर्कता विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।







































































