- वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त मार्गों की कराएं मरम्मत-कलेक्टर
- पटाखों की बिक्री के लिए स्थल चिन्हित कर सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करें-कलेक्टर
- नगरीय क्षेत्रों में निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में स्थानांतरित कराएं-कलेक्टर
- सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर दें विशेष ध्यान-कलेक्टर
- कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
अनूपपुर 28 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने निर्देश दिए हैं कि जिले में चिन्हित वृंदावन ग्रामों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाए तथा वहां शासन की जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। जिले में विधानसभा क्षेत्र कोतमा के ग्राम दारसागर, विधानसभा क्षेत्र अनूपपुर के ग्राम केल्हौरी तथा विधानसभा क्षेत्र पुष्पराजगढ़ के ग्राम अमगवां को आदर्श ग्राम के रूप में चिन्हित किया गया है। कलेक्टर ने इन ग्रामों के आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, स्वच्छता परिसरों, खेल मैदानों, पशु चिकित्सालयों, पहुंच मार्गों तथा समस्त शासकीय परिसरों में अनिवार्य रूप से वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही शासन की सभी पात्र हितग्राहीमूलक योजनाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।
कलेक्टर ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए वर्षाकाल के दौरान क्षतिग्रस्त मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मार्गों को व्यवस्थित एवं आवागमन के अनुकूल बनाया जाए। इस दौरान उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम तथा ग्रामीण सड़क विकास विभाग के अधिकारियों से सड़कों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
दीपावली पर्व के दृष्टिगत कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिले के सभी नगरीय निकायों एवं जनपद क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पटाखा बिक्री स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा व्यवस्थित व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए, ताकि दीपावली पर्व के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षित वातावरण में पर्व मनाया जा सके।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने नगरीय क्षेत्रों में स्थित गौशालाओं की व्यवस्थाओं एवं स्थिति की समीक्षा करते हुए सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों को निराश्रित पशुओं से मुक्त कराया जाए। साथ ही गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं एवं सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारियों राजस्व को गौशालाओं का स्वयं निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए कहा।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों की गंभीरता के आधार पर शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद करें तथा उनकी समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी शिकायत बिना कार्रवाई के लंबित न रहे तथा प्रत्येक प्रकरण का गंभीरतापूर्वक एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने विभिन्न विभागों में अनुपयोगी एवं कबाड़ वाहनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए एक सप्ताह के भीतर उनकी नीलामी की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय वाहनों एवं उनके चालकों से संबंधित अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने के लिए भी कहा। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय के संचालन एवं व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाने, अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों, वृक्षारोपण की प्रगति तथा मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अंतर्गत लंबित कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने इन सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा लंबित कार्यों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।






































































