- जमदुवारी जंगल में बस और बोलेरो की टक्कर, खोंगापानी की 24 वर्षीय महिला की मौत,बिहारपुर स्वास्थ्य केंद्र को मिली नई एंबुलेंस
एमसीबी। केल्हारी में हुए दर्दनाक बस हादसे की पीड़ा अभी कम भी नहीं हुई थी कि रविवार सुबह एक और सड़क दुर्घटना ने क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। कोरिया जिले के ग्राम नगर और एमसीबी जिले के उजियारपुर के बीच जमदुवारी जंगल में बस और बोलेरो की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में खोंगापानी निवासी 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई जबकि बोलेरो में सवार अन्य लोग घायल हो गये। दुर्घटना की खबर मिलते ही भरतपुर सोनहत विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचीं और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
माता कुदरगढ़ के दर्शन के लिये जा रहे थे श्रद्धालु
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत खोंगापानी से 11 लोग बोलेरो में सवार होकर माता कुदरगढ़ के दर्शन के लिए निकले थे। रविवार सुबह करीब सात बजे जमदुवारी जंगल के पास रांची की ओर से आ रही बस और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि 24 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे बेहतर उपचार के लिये अंबिकापुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल बैकुंठपुर में उपचार जारी है।
अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल, उपचार में लापरवाही ना हो
हादसे की जानकारी मिलने के बाद विधायक रेणुका सिंह जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा।
मृतका के परिजनों से मिलकर जताया दुख
दुर्घटना में महिला की मौत से शोकाकुल परिजनों के बीच पहुंचकर विधायक ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। एक ओर केल्हारी बस हादसे के पीड़ित परिवारों का दर्द अभी ताजा है वहीं दूसरी दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
बिहारपुर स्वास्थ्य केंद्र को मिली नई एंबुलेंस
दुर्घटना पीड़ितों से मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी पहल की गई। विधायक रेणुका सिंह ने जिला अस्पताल बैकुंठपुर में एमसीबी जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर के लिये नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई एंबुलेंस मिलने से क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है। दुर्गम क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाना स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण जरूरत है। ऐसे में बिहारपुर स्वास्थ्य केंद्र को मिली एंबुलेंस से मरीजों के परिवहन की सुविधा बेहतर होने और आपातकालीन स्थितियों में राहत मिलने की संभावना है।







































































