- सीएमडी ने कोयला भवन मुख्यालय से ‘सतर्कता जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना; ‘विजिलेंस गैलरी’ का किया उद्घाटन। निदेशकगण एवं कोयला भवन मुख्यालय के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित।
केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशानुसार देश भर के सभी मंत्रालयों, विभागों, संस्थानों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में 26 अक्टूबर से 01 नवम्बर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज कोयला भवन मुख्यालय बीसीसीएल में इस वर्ष की विषयवस्तु (थीम) ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के तहत सतर्कता जागरूकता सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही बीसीसीएल के सभी क्षेत्रों में भी सप्ताहव्यापी जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन. के. ठाकुर सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण/विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सीवीओ सीआईएल श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, सीवीओ बीसीसीएल श्रीमती दीप्ति पटेल तथा महाप्रबंधक (सतर्कता) सीआईएल, श्री एन. आर. श्रीवास्तव सहित बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय महाप्रबंधकों ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही किसी भी सार्वजनिक उपक्रम की कार्यसंस्कृति के मूल आधार हैं। सतर्कता का उद्देश्य केवल अनियमितताओं की पहचान करना या उन पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना भी है, जिसमें अनियमितताओं की आशंका न्यूनतम हो और प्रत्येक कार्य निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप संपन्न हो। उन्होंने कहा कि कोयला उद्योग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग, निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा कार्यों के निष्पादन में निष्पक्षता बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रतिबद्धता और नैतिक आचरण के माध्यम से ही संगठन में विश्वास मजबूत होगा तथा सतत समृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा।
सीवीओ सीआईएल श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य संगठनात्मक कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नैतिक मूल्यों को संस्थागत रूप से सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल व्यक्तिगत आचरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठन की विश्वसनीयता, कार्यकुशलता और सार्वजनिक विश्वास को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने कहा कि ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की अवधारणा को साकार करने के लिए सभी को अपने कार्यों में नैतिकता और पारदर्शिता को प्राथमिकता देनी होगी।
सीवीओ बीसीसीएल श्रीमती दीप्ति पटेल ने कहा कि सतर्कता का वास्तविक उद्देश्य एक ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित करना है, जिसमें ईमानदारी, निष्पक्षता और उत्तरदायित्व प्रत्येक स्तर पर सहज रूप से अपनाई जाएं। उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल सतर्कता विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का साझा दायित्व है। उन्होंने सभी से सप्ताह के दौरान आयोजित जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा सत्यनिष्ठा को संगठन की कार्यसंस्कृति का स्थायी हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के औपचारिक स्वागत, सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन तथा लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। कोल इंडिया कॉर्पोरेट गीत के पश्चात महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन. के. ठाकुर ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। इसके उपरांत सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई तथा सतर्कता विभाग, बीसीसीएल की गृह पत्रिका ‘चेतना’ का विमोचन किया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में सीएमडी श्री अग्रवाल ने कोयला भवन मुख्यालय के आधार तल पर स्थापित ‘विजिलेंस गैलरी’ का उद्घाटन किया। उन्होंने निवारक सतर्कता अभियान (17 अगस्त से 16 नवम्बर 2026) के अंतर्गत कोयला भवन मुख्यालय एवं बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित गतिविधियों पर आधारित फोटोग्राफिक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर स्थापित ‘विजिलेंस सेल्फी पॉइंट’ पर सेल्फी लेकर जागरूकता अभियान में अपनी सहभागिता भी दर्ज कराई।
कार्यक्रम के समापन सत्र में सीएमडी एवं निदेशकगण ने कोयला भवन मुख्यालय के मुख्य द्वार से ‘सतर्कता जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सतर्कता के प्रतीक के रूप में गुब्बारे भी छोड़े गए। यह जागरूकता रथ आगामी सप्ताह के दौरान धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन के बीच सतर्कता, पारदर्शिता और नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता का प्रसार करेगा।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम संगठन में सतर्कता एवं सत्यनिष्ठा के मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन के बीच सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रहा। कार्यक्रम का समापन टीएस-टू-सीवीओ श्री नवीन ठाकुर द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मंच संचालन श्री संतोष कुमार, उप-प्रबंधक (सतर्कता) ने किया।







































































