सीएमपीडीआई में ‘सत्यनिष्ठा शपथ’ के साथ ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026’ का शुभारंभ

---Advertisement---

रांची 26 अक्टूबर। सीएमपीडीआई में ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026’ (26 अक्टूबर से 1 नवम्बर, 2026) की शुरूआत संस्थान के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री चौधरी शिवराज सिंह ने कर्मचारियों को ‘सत्यनिष्ठा शपथ’ दिलाने की साथ की। शपथ सम्पन्न होने के उपरान्त अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री चौधरी शिवराज सिंह, निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) श्री अजय कुमार, निदेशक (तकनीकी/आरडीएंडटी, बीडी) श्री आनंद मोहन, सीएमपीडीआई एवं सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार, क्षेत्रीय संस्थान-3-रांची के क्षेत्रीय निदेशक श्री कंचन सिन्हा, महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री अमरेश कुमार तथा अन्य महाप्रबंधक/विभागाध्यक्ष एवं कर्मचारियों ने इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की।

इस मौके पर श्री सिंह ने ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026’ की थीम-‘‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’’ के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने भारत के ऊर्जा क्षेत्र में योगदान देने वाले एक विश्वसनीय संगठन के रूप में सीएमपीडीआई की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि खनन से जुड़े डेटा की सटीकता और विश्वसनीयता अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि ये राष्ट्रीय योजना और निर्णय लेने की प्रक्रिया का आधार होते हैं। अपने समापन संदेश में उन्होंने कहा कि संस्थागत विश्वसनीयता को मजबूत करने और सतत समृद्धि प्राप्त करने के लिए, व्यक्तिगत कार्यों और संगठनात्मक निर्णयों में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और सही काम करने के प्रति आंतरिक प्रतिबद्धता का होना आवश्यक है।

सीएमपीडीआई और सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार ने ‘प्रिवेंटिव विजिलेंस अवेयरनेस कैंपेन-2026’ (निवारक सतर्कता जागरूकता अभियान-2026) के दौरान सीएमपीडीआई द्वारा की जा रही गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने नई तकनीकों को अपनाने और व्यक्तिगत मान्यताओं व पूर्व कल्पित धारणाओं से मुक्त होकर, निष्पक्ष और तटस्थ निर्णय लेने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के लिए सीएमपीडीआई द्वारा उठाए गए प्रमुख कदमों का भी जिक्र किया, जिसमें अनुबंध श्रमिकों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली चालू करना शामिल है।

इसके बाद श्री चौधरी शिवराज सिंह, कार्यकारी निदेशकों तथा सीएमपीडीआई और सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी ने संयुक्त रूप से ‘सेल्फी पॉइन्ट’ का उद्घाटन किया। साथ ही, उन्होंने भ्रष्टाचार की बुराइयों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और ईमानदारी, पारदर्शिता तथा सत्यनिष्ठा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित वॉकथॉन (पैदल मार्च) का नेतृत्व किया।

ज्ञातव्य हो कि सीएमपीडीआई द्वारा 17 अगस्त से 16 नवम्बर, 2026 तक त्रैमासिक निवारक सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 चलाया जा रहा है। इस अभियान की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है, जिसका मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक कामकाज में नैतिक आचरण, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है।

 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment