- शिक्षा की गुणवत्ता एवं प्रयोगशालाओं की व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
अनूपपुर 23 अक्टूबर 2026/ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने जनपद पंचायत जैतहरी अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पसला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं अध्ययन-अध्यापन कार्य की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रश्न पूछकर शैक्षणिक गुणवत्ता का जायजा लिया तथा शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए।उन्होंने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
विद्यालय की जीव विज्ञान, फिजिक्स एवं केमिस्ट्री प्रयोगशालाओं के निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाए जाने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने प्रयोगशालाओं की अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में भी संबंधित प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रयोगशालाओं को क्रियाशील बनाने, आवश्यक उपकरणों एवं रसायनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित रूप से प्रयोगशाला की कक्षाएं संचालित करने को कहा। साथ ही प्रयोगशाला में पीएच (pH) स्केल चार्ट सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक चार्ट एवं अध्ययन संबंधी जानकारियां चस्पा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को प्रायोगिक शिक्षा का समुचित लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती अर्चना कुमारी ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान बताया गया कि परिसर में आम, कटहल सहित अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने पौधों की नियमित सिंचाई एवं उचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पौधों का समुचित विकास हो सके।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री के.के. रैकवार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







































































