अनूपपुर 23 अक्टूबर 2026/ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने उप स्वास्थ्य केंद्र पसला का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में दवाइयों एवं जांच किट (टेस्ट किट) की उपलब्धता तथा गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती अर्चना कुमारी ने गर्भवती महिलाओं की नियमित एएनसी जांच, आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण तथा जांच किट की उपलब्धता के संबंध में स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की समय पर प्रसवपूर्व जांच सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक जांच एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल हो सके।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई बनाए रखने, आवश्यक जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा केंद्र में आने वाले मरीजों को शासन के प्रावधानों के अनुसार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर, तहसीलदार सहित स्वास्थ्य विभाग संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







































































